1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. चोरी के शक में भीड़ बनी जज, हाथ-पैर बांधकर दी तालिबानी सजा, वीडियो वायरल हुआ तो जांच में जुटी पुलिस

चोरी के शक में भीड़ बनी जज, हाथ-पैर बांधकर दी तालिबानी सजा, वीडियो वायरल हुआ तो जांच में जुटी पुलिस

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक उसे छोड़ देने की अपील करता है, लेकिन स्थानीय लोग उसके साथ मारपीट करते रहते हैं और उसके तीसरे साथी के बारे में भी पूछते हैं, जिसे वह पकड़ नहीं पाए थे।

Man beaten Up- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हाथ-पैर बांधकर युवक की पिटाई

मध्य प्रदेश के इंदौर में कानून को हाथ में लेने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्वच्छ शहर की पहचान रखने वाले इंदौर में कुछ लोगों ने चोरी के संदेह में दो युवकों को ऐसी सजा दी, जिसने इंसानियत और कानून दोनों पर सवाल खड़े कर दिए। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के केशरबाग रेलवे ब्रिज के पास दो युवकों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें रेलवे ट्रैक किनारे बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस का कहना है कि चोरी के संदेह में भी किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवकों के हाथ-पैर बांध दिए गए हैं और कुछ लोग उन्हें रेलवे ट्रैक के पास लात-घूंसों और डंडों से पीट रहे हैं।

चोरी के आरोप में मारपीट

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों पर इलाके के एक मकान में चोरी की नीयत से घुसने का आरोप है। घर में मौजूद महिला के शोर मचाने पर दोनों भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को बुलाने के बजाय भीड़ ने खुद ही फैसला सुनाया और दोनों को केशरबाग रेलवे ब्रिज के पास ले जाकर बंधक बनाकर मारपीट की।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अन्नपूर्णा थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का साफ कहना है कि यदि किसी पर चोरी का संदेह भी हो, तब भी उसे सजा देने का अधिकार केवल कानून को है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

एडिशनल डीसीपी, इंदौर पुलिस, राजेश दंडोतिया ने बताया कि वीडियो की पहचान की गई है। वह थाना अन्नपूर्णा क्षेत्र का है। लड़कों की भी पहचान कर ली गई है। हालांकि, जो लोग पिट रहे हैं, उनके चोरी के आपराधिक रिकॉर्ड है, लेकिन जिस तरह से जो मारपीट की जा रही है, वो किसी हालत में ये गैरकानूनी है। इसमें एफआईआर भी रजिस्टर की जा रही है। जिन लोगों ने मारपीट की है, उनके खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है। अब इनसे पूछताछ में जो भी सामने आएगा उसके आधार कारवाई की जाएगी।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मध्य प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला, अब 25% की जगह 60% की जाएगी मूंग की खरीद; किसान 10 अगस्त तक कर सकेंगे बुकिंग

रीवा में भुट्टे के ठेले पर बहस बनी जानलेवा, बाइक सवार बदमाशों ने की कांग्रेस नेता अमित वर्मा की चाकू गोदकर हत्या