1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज कार्यक्रम' से पहले BJP का बड़ा दांव, नितिन नवीन MP में कई जगह करेंगे युवाओं से संवाद

इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज कार्यक्रम' से पहले BJP का बड़ा दांव, नितिन नवीन MP में कई जगह करेंगे युवाओं से संवाद

मध्य प्रदेश में अब बीजेपी युवाओं से संवाद करने की तैयारी में है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एमपी के कई शहरों में युवाओं से संवाद करेंगे। राहुल गांधी के छात्रों के गूंज कार्यक्रम से पहेल नितिन नवीन के कार्यक्रम हो सकते हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के अलग-अलग शहरों में छात्रों की गूंज कार्यक्रम कर रहे हैं। राहुल गांधी अब मध्य प्रदेश के इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम करने वाले हैं। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित मध्य प्रदेश दौरे को लेकर छात्रों के मुद्दों पर राज्य की सियासत में एक बार फिर टकराव के आसार बन गए हैं। राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' को संबोधित करने वाले हैं। इससे दो दिन पहले 17 सितंबर को नवीन का मध्य प्रदेश दौरा प्रस्तावित है। 

इन शहरों में नितिन नवीन युवाओं से कर सकते हैं बातचीत

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष के उज्जैन, मंदसौर या इंदौर में युवाओं के साथ बातचीत करने की उम्मीद है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक उनके विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोमवार को यहां भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से कहा, 'नितिन नवीन की उज्जैन यात्रा 17 सितंबर को प्रस्तावित है। इसे आज अंतिम रूप दिया जाएगा। उसके बाद, हम आपको उनके कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।'

उन्होंने कहा कि नवीन का उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर जाने का कार्यक्रम है। खंडेलवाल ने कहा, 'कार्यक्रम की योजना अंतिम चरण में है। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मंजूरी दिए जाने के बाद, हम आप सभी के साथ विस्तृत कार्यक्रम साझा करेंगे।'

पहले राहुल गांधी के कार्यक्रम को लिया जा रहा था हल्के में

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि भाजपा ने शुरुआत में राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को हल्के में लिया था। सीनियर पत्रकार संजीव आचार्य ने कहा, 'अब जब इसकी गंभीरता को उन्होंने समझा है तब जाकर आनन-फानन में नवीन की मध्य प्रदेश दौरे की योजना बनाई जा रही है। मालवा, जिसमें इंदौर, उज्जैन, मंदसौर और अन्य जिले शामिल हैं, भाजपा का गढ़ रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस ने राहुल की यात्रा के लिए इस क्षेत्र को चुना है।' 

राहुल के कार्यक्रम में दो प्रमुख हस्तियों के भी आने की उम्मीद

उन्होंने दावा किया कि 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में 'फॉलोअर्स' वाली दो प्रमुख हस्तियों के भी राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश की वाणिज्यिक राजधानी इंदौर से मालवा में पैठ बनाने की कोशिश कर रही है, जहां आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थान हैं और देश भर के छात्र यहां पढ़ने आते हैं। 

कार्यक्रम के लिए लीज पर ली गई जमीन

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को 'छात्रों की गूंज' को एक गैर-राजनीतिक कार्यक्रम बताया था। कांग्रेस ने शुरुआत में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के आयोजन के लिए शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी, लेकिन मंजूरी नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख 12 सितंबर से बदलकर 19 सितंबर कर दी गई। विपक्षी दल ने रीजनल पार्क के सामने करीब 12,000 वर्ग मीटर भूमि 17 सितंबर से 19 सितंबर तक तीन दिन के लिए अस्थायी लीज पर लेने के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के पास 10.08 लाख रुपये जमा किए हैं। 

कार्यक्रम में राहुल गांधी उठाते हैं छात्रों के मुद्दे

हालांकि, पार्टी को अभी तक इस कार्यक्रम के लिए अंतिम अनुमति नहीं मिली है। 'छात्रों की गूंज' कांग्रेस का विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके जरिए राहुल गांधी प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। इस अभियान के तहत अब तक कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में चार कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

'बीच में समंदर आ गया, नहीं तो अरब से चुनाव लड़ते', सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना