A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: दुर्गा पंडाल में घुसी बेकाबू बस, एक की मौत, 20 से ज्यादा घायल

VIDEO: दुर्गा पंडाल में घुसी बेकाबू बस, एक की मौत, 20 से ज्यादा घायल

बेकाबू बस तेज रफ्तार में नोएंट्री में घुसी और कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती गई। इस दौरान वहां लोगों में भगदड़ मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक बस दुर्गा पंडाल तक पहुंच गई।

Jabalpur bus accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जबलपुर बस हादसा

जबलपुर: जबलपुर में इंदौर जैसा भीषण हादसा हुआ है। यहां एक बेकाबू बस कई वाहनों को टक्कर मारते हुए दुर्गा पंडाल में जा घुसी। तेज रफ्तार बस ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई जबकि 20 लोगों के घायल होने की खबर है। यह हादसा सिहोरा थाना क्षेत्र के गौरी तिराहे के पास हुआ।

मची चीख पुकार 

बताया जाता है कि बेकाबू बस तेज रफ्तार में नोएंट्री में घुसी और कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती गई। इस दौरान वहां लोगों में भगदड़ मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक बस दुर्गा पंडाल तक पहुंच गई। घटनास्थल पर चीख पुकार और कोहराम मच गया।

नशे की हालत में था ड्राइवर?

शुरुआती जांच में यह पता चला है कि हादसे के वक्त बस का ड्राइवर नशे की हालत में था। नो एंट्री चालू होने के बाद भी ड्राइवर बस को शहर के अंदर ले आया था। हादसे में कुल 20 लोग जख्मी हुई हैं। इस हादसे में नो एंट्री पर तैनात पुलिसकर्मी को भी चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 10 बजे जब पंडाल में पूजा चल रही थी तभी एक बेकाबू बस पंडाल में घुस गई। उस वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस ने पंडाल में घुसने से पहले बाहर खड़ी कई वाहनों को टक्कर मार दी।

कुछ दिन पहले इंदौर में हुआ था ऐसा ही हादसा

बता दें कि इससे पहले इंदौर में एक ऐसी ही घटना हुई थी जिसमें बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और करीब 10 लोग घायल हो गए थे। यह घटना एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर के एक प्रतिबंधित क्षेत्र में हुई थी। बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों में टक्कर मार दी थी और भीड़ को कुचल दिया था। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई थी।