केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर में राज्य के सबसे लंबे ‘सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज’ वाले फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पैसे की कोई कमी नहीं है और राज्य में कई अन्य विकास परियोजनाएं चल रही हैं और कई शुरू होने वाली हैं। इससे राज्य के लोगों को बड़े पैमाने पर फायदा होगा। उन्होंने जबलपुर के अलावा भोपाल-उज्जैन और रीवा-कटनी के लिए भी कई विकास परियोजनाओं का ऐलान किया। इस मौके पर मध्य प्रदेश को कुल 60 हजार करोड़ रुपए की सौगात मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि जबलपुर में बने सात किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर से मदन महल और दमोह नाका के बीच यात्रा का समय वर्तमान 40-45 मिनट से घटकर केवल छह से सात मिनट रह जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह फ्लाईओवर आधुनिक शहरी यातायात प्रबंधन और विकास में एक बड़ी उपलब्धि है। अधिकारियों ने बताया कि इस फ्लाईओवर की एक प्रमुख विशेषता रेलवे लाइन पर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज है।
कॉरिडोर के नीचे 50 हजार पौधे
इस कॉरिडोर में तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज हैं, जिनमें दो रानीताल में और एक बलदेवबाग में हैं। प्रत्येक बो-स्ट्रिंग ब्रिज 70 मीटर लंबा और पूरी तरह से स्टील से बना है। अधिकारियों के मुताबिक, हरियाली को बढ़ावा देने और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए फ्लाईओवर के नीचे 50 हजार पौधे लगाए गए हैं। साथ ही इसके नीचे बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा को आसान बनाने के लिए दस दिशा-सूचक लगाए गए हैं। गडकरी ने 2019 में इस फ्लाईओवर की आधारशिला रखी थी। सितंबर 2023 में राज्य विधानसभा चुनावों से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फ्लाईओवर के एक हिस्से ‘छोटी लाइन से गुलाटी पेट्रोल पंप तक’ का उद्घाटन किया था।
इन विकास परियोजनाओं का ऐलान
- 1100 सौ करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ फ्लाईओवर।
- 4,706 करोड़ की लागत से 186 किलोमीटर की 10 सड़क परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास हुआ।
- कटनी बायपास का चौड़ीकरण किया जाएगा। यह बायपास अब 4-लेन का होगा।
- अब्दुल्लागंज- इटारसी खंड में रातापानी वन्यजीव अभ्यारण्य भाग का चौड़ीकरण कर इसे 4-लेन का किया जाएगा।
- हिरन-सिंदूर खंड में नौरादेही वन्यजीव अभ्यारण्य भाग का चौड़ीकरण कर इसमें चार लेन बना दिए गए हैं। इसका लोकार्पण केंद्रीय मंत्री ने किया।
- अमझर-बरेला रोड (जबलपुर रिंग रोड) में भी चार लेन बनाए जाएंगे।
- रीवा बायपास में सिरमौर से डभौरा खंड का 2 लेन पेव्ड शोल्डर के साथ चौड़ीकरण किया जाएगा। इसे 4-लेन का बनाया जाएगा।
- रीवा-मैहर-कटनी खंड पर 7 अंडरपास बनेंगे
- मंडला से नैनपुर खण्ड का 2 लेन पेव्ड शोल्डर के साथ चौड़ीकरण होगा।
- रीवा-मैहर-कटनी खंड पर सात अंडरपास का निर्माण एवं कटनी-जबलपुर-लखनादौन खंड पर छह फ्लाई ओवर और अंडरपास के निर्माण का शिलान्यास हुआ।