A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पुलिस से बचने को तालाब में 5 घंटे छिपा रहा चोर, पानी में सांस लेने के लिए लगाया गजब का जुगाड़!

पुलिस से बचने को तालाब में 5 घंटे छिपा रहा चोर, पानी में सांस लेने के लिए लगाया गजब का जुगाड़!

MP Crime News: जबलपुर में पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए एक चोर तालाब में कूद गया। वह पुलिस की नजरों से बचता हुआ 5 घंटे तक तालाब में ही छिपा रहा। जानें वह कैसे ऐसा करने में कामयाब हो पाया।

jabalpur thief hides- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) जबलपुर में 5 घंटे तक तालाब में छिपा रहा चोर।

Jabalpur Thief Pond Escape: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक अजीब केस सामने आया है, जहां पुलिस की पकड़ से बचने के लिए एक चोर तालाब में फांद गया। इसके बाद वह कमल के तनों की सहायता से सांस लेकर 5 घंटे छुपा रहा। अफसर ने बताया कि यह केस बीते 6 अप्रैल का है और आरोपी यूपी के बिजनौर का रहने वाला है। वह वहां पार्षद भी रह चुका है।

पर्स चुराते हुए RPF ने देख लिया

रेलवे पुलिस फोर्स के थाना प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि 42 साल का आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ सनी ने रीवा-इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन के एक एसी डिब्बे में सवार था। इस दौरान, वह एक महिला का पर्स चुराने का प्रयास कर रहा था और तभी आरपीएफ के जवानों ने उसको देख लिया। उन्होंने आगे बताया कि आरपीएफ जवानों ने जब उसका पीछा किया तो वह लोकल बाजार के पास काई से ढके एक तालाब में कूद गया और गिरफ्त में आने से बचने के लिए पानी में छिपा रहा।

तने की मदद से तालाब में लेता रहा सांस

राजीव खरब बोले, 'पानी के अंदर सांस लेने के लिए चोर, कमल के खोखले तने का प्रयोग करता रहा।' उन्होंने आगे कहा कि आरपीएफ ने आरोपी की तलाश के लिए लोकल पुलिस से संपर्क कर गोताखोरों को बुलाया। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसको बाहर निकाला गया।

तालाब से निकलकर भी की भागने की कोशिश

थाना प्रभारी खरब ने बताया कि तालाब से बाहर आने के बाद भी आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन RPF जवानों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। आरपीएफ सूत्रों का कहना है कि आरोपी 2017 में बिजनौर से पार्षद का चुनाव भी जीता था।

आरोपी पर दर्ज हैं 21 से ज्यादा मुकदमे

शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में 21 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- VIDEO: नेशनल हाईवे बना जंग का मैदान! तीन सांडों में जमकर हुई उठा-पटक, रुक गया ट्रैफिक