1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. खंडवा में प्रेम विवाह के बाद हंगामा, युवती को जबरन ले जाने का आरोप, वीडियो आया सामने

खंडवा में प्रेम विवाह के बाद हंगामा, युवती को जबरन ले जाने का आरोप, वीडियो आया सामने

खंडवा जिले के महादेवगढ़ मंदिर में प्रेम विवाह करने के बाद एक युवती के परिजनों पर उसे जबरन ले जाने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

खंडवा में प्रेम विवाह के बाद हंगामा- India TV Hindi
Image Source : STRINGER INPUT खंडवा में प्रेम विवाह के बाद हंगामा

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महादेवगढ़ मंदिर में प्रेम विवाह करने के बाद एक युवती के परिजनों पर उसे जबरन ले जाने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इससे पहले थाना जीवाजीगंज क्षेत्र से एक युवती के अपहरण की खबर आई थी। बाद में कपल ने वीडियो के जरिए बताया कि युवक और युवती 4 साल से एक-दूसरे से जुड़े हुए थे। बाद में परिवार के खिलाफ जाकर दोनों ने भागकर शादी कर ली।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार खंडवा के रहने वाले तेजपाल (जो कि हिंदू समुदाय से हैं) और तंजीम मंसूरी (जो कि मुस्लिम समुदाय से हैं) पिछले 5 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। दोनों ने आपसी सहमति से 20 फरवरी को साथ रहने का फैसला किया था और इंदौर न्यायालय में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े दस्तावेज भी विधिवत तैयार कराए थे। सोमवार को दोनों ने खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर में सुबह करीब 11 बजे अपनी मर्जी से शादी कर ली। इसके बाद वे विवाह से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने के लिए मालीकुआं क्षेत्र में एक नोटरी के पास पहुंचे थे।

युवती के परिजनों पर मारपीट और अपहरण का आरोप

युवक तेजपाल का आरोप है कि जब वे नोटरी के पास कागजी कार्रवाई कर रहे थे तभी वहां युवती के परिजन आ पहुंचे। उन्होंने तेजपाल के साथ मारपीट की और उसे धक्का देकर तथा घसीटते हुए कार की ओर ले गए। इसके बाद वे युवती को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक को खींचते हुए नजर आ रहे हैं।

पीड़ित युवक ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद पीड़ित युवक तेजपाल ने हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के साथ सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस से अपनी पत्नी को वापस दिलाने और संबंधित लोगों के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मामला दर्ज करने की मांग की है। थाने में दिए गए आवेदन के साथ उसने इंदौर न्यायालय के दस्तावेज, शपथ-पत्र और विवाह से जुड़े फोटो-वीडियोग्राफ की प्रतियां भी संलग्न की हैं। युवक के साथ थाने पहुंचे महादेवगढ़ प्रमुख अशोक पालीवाल ने कहा कि विवाह के बाद युवक की पत्नी को दिन दहाड़े उठाकर ले जाना चिंता की बात है। युवती की जान को खतरा हो सकता है या परिजन उसे भड़का कर युवक के खिलाफ केस दर्ज करवा सकते है। इसलिए पुलिस से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच करे तथा युवक को उसकी पत्नी दिलवाए।

पुलिस की जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

(स्ट्रिंगर- प्रतीक मिश्रा)

ये भी पढ़ें - लड़की ने प्रेमी संग भागकर की शादी, अपहरण की खबर निकली झूठी, कपल ने खुद बताई पूरी सच्चाई