1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. किसान आंदोलन के बीच सरकार का मास्टरस्ट्रोक, मूंग खरीद पर लिया बड़ा फैसला

किसान आंदोलन के बीच सरकार का मास्टरस्ट्रोक, मूंग खरीद पर लिया बड़ा फैसला

भोपाल में अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसान आज सड़कों पर उतरे। इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार अब अब प्रत्येक पात्र किसान से उसकी मूंग उपज का 25 प्रतिशत नहीं, बल्कि 60 प्रतिशत खरीदेगी।

bhopal- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE भोपाल में प्रदर्शन

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रहे किसानों के विरोध-प्रदर्शन के बीच, मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को किसानों की चिंताओं को दूर करने के मकसद से तीन बड़े फैसलों की घोषणा की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसानों के मुद्दों को हल करने के लिए मंत्री समूह का गठन किया था। इस समूह की किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 29 जुलाई को मंत्रालय में बैठक हुई। बैठक में कई किसान हितैषी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 

प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने बताया कि आज किसान प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद किसानों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रत्येक पात्र किसान से उसकी मूंग उपज का 25 प्रतिशत नहीं, बल्कि 60 प्रतिशत खरीद किया जाएगा, जो नर्मदापुरम, सीहोर एवं हरदा जैसे जिलों में लगभग 3 क्विंटल प्रति एकड़ आता है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा और हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिले।

इससे पहले आज दिन में बड़ी संख्या में किसान सड़कों पर उतर आए थे। किसानों की मांग है कि मूंग दाल की पूरी फसल सरकार MSP पर खरीदे। इसके अलावा किसान ये भी मांग कर रहे हैं कि खाद के वितरण के लिए टोकन सिस्टम खत्म किया जाए। अपनी मांगों को लेकर किसानों की सीएम आवास घेरने की तैयारी में थे। पुलिस और प्रशासन ने किसानों को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।

Live updates : Bhopal Farmers Protest Highlights

  • 11:55 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    अब 25% की जगह 60% की जाएगी मूंग की खरीद

    आज किसान प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद किसानों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रत्येक पात्र किसान से उसकी मूंग उपज का 25 प्रतिशत नहीं, बल्कि 60 प्रतिशत खरीद किया जाएगा, जो नर्मदापुरम, सीहोर एवं हरदा जैसे जिलों में लगभग 3 क्विंटल प्रति एकड़ आता है।

     

  • 10:26 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    प्रदर्शनकारी किसानों की पुलिस से हुई झड़प

    मूंग खरीद पर सरकार और किसानों के बीच बात नहीं बन पाई है। मध्य प्रदेश सरकार के साथ बातचीत नाकाम होने के बाद प्रदर्शनकारी किसानों की पुलिस से झड़प हुई। किसानों ने कहा कि हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं इसलिए उन्होंने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया। 

     

  • 9:24 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    सरकार की किसानों के साथ तीसरे राउंड की बातचीत जारी

    इस वक्त भोपाल में किसानों का आंदोलन चल रहा है। हजारों किसान मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंच चुके हैं। भोपाल में कल से जबरदस्त हंगामा हो रहा है। हालांकि अब सरकार ने आंदोलन करने वाले किसान नेताओं से बातचीत की पहल की है। सरकार के साथ किसानों के साथ तीसरे राउंड की बातचीत चल रही है।

  • 8:25 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र

    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से कहा कि केंद्र पहले से ही देश की कुल मूंग का 87% हिस्सा अकेले मध्य प्रदेश से ही खरीद रहा है। मध्य प्रदेश का देश में सबसे अधिक खरीद कोटा है। शिवराज ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा है कि मध्य प्रदेश को किसानों से मूंग की खरीद में तेजी लानी चाहिए। क्योंकि मध्य प्रदेश के लिए मूंग खरीद का कोटा 4,54,580 मीट्रिक टन (देश में सर्वाधिक) है और 29/07/2026 तक राज्य ने केवल 60,000 मीट्रिक टन मूंग ही खरीदा है।

  • 6:47 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    मंत्री समूह की किसान प्रतिनिधियों के साथ मंत्रालय में बैठक

    मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर मंत्री समूह की किसान प्रतिनिधियों के साथ मंत्रालय में बैठक शुरू हो गई है। किसानों के साथ चर्चा के लिए गठित मंत्री समूह के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर की किसान प्रतिनिधियों के साथ मंत्रालय में बैठक हो रही है।

    Image Source : reporter inputकिसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक।

    इन किसान नेताओं के साथ बैठक जारी-

    1. Santosh Patware Bhartiya kisan union
    2. Leela Dhar Singh Rajpoot Krantikari kissan majdoor sangh
    3. Gajanand Jat Kissan swaraj sangathan
    4. Rajesh Dhakad Kissan mahapamchayt
    5. Ganesh Gaur Rastriya kissan majdoor sangh
    6. Praveen Kumar Rastriya kisan Morcha
    7. Dinesh Lega Aam kisan union Harda
    8. Deepak Jat Krantikari kisan army sangathan
    9. Deepak Chouhan Jan Sarvodaya Kisan sanghatn
    10. Sunil Singh Rajpoot Kisan akrosh korcha
    11. Lakhan patel Aam kissan union
    12. Pramod Singh Tomar Kissan swaraj sangathan
    13. Santosh Meena Kisan sewa Sangh
    14. Shravan Kumar kissan swaraj sangatham
    15. Ram Nivas Rastriya Kissan Morcha
    16. Mahesh choudhary ji, bharat patel ji, bhartiya kisaan sangh

  • 6:37 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    सीएम हाउस की ओर लगातार बढ़ रहे किसान

    राजधानी भोपाल में किसानों के आगे पुलिस प्रशासन बेबस है। शिवराज सिंह चौहान के घर पर रोकने के बाद किसान सीएम हाउस की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। सीएम हाउस से एक किलोमीटर दूर बाणगंगा चौराहे पर पुलिस ने बड़े-बड़े डंपर जिसमें गिट्टी भरी हुई खड़े करवाए हैं। पुलिस किसानों को यहीं रोकेगी, यहां से सीएम हाउस सिर्फ एक चौराहा दूर है। बाणगंगा के बाद पॉलिटेक्निक चौराहा है, जिसके बाद सीएम हाउस है।

  • 5:38 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    भोपाल मंत्रालय में बुलाई गई बैठक, कृषि मंत्री मौजूद

    किसान आंदोलन को लेकर भोपाल मंत्रालय में बैठक बुलाई गई है। बैठक में कृषि मंत्री और सहकारिता मंत्री मौजूद हैं। उधर 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग लेकर किसानों का प्रदर्शन तेज हो गया है। 

  • 4:19 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    किसानों का प्रदर्शन हुआ तेज, बस पर चढ़कर कर रहे हंगामा

    भोपाल में किसान जमकर हंगामा कर रहे हैं। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए बसें खड़ी कीं, लेकिन उन पर भी किसान चढ़ गए हैं और पुलिस के पीने की बोतलों के क्रेट को फेंक रहे हैं। कई किसान अर्द्धनग्न होकर नारेबाजी कर रहे हैं।

  • 4:15 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'मांगें नहीं मानी तो फिर करेंगे हंगामा'

    आंदोलनकारी किसानों ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो फिर हंगामा करेंगे। वीर सावरकर सेतु पर किसानों ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों को अपना घर बना लिया है और आराम करने के बाद बारी-बारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

  • 2:03 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    नर्मदापुरम में पुलिस से हुई झड़प

    भोपाल में किसानों का उग्र प्रदर्शन जारी है। नर्मदापुरम में पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई है। नाराज किसानों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं और बसों पर चढ़ गए हैं। किसानों के बीच सरकार के खिलाफ गुस्सा दिखाई दे रहा है। किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर डटे हुए हैं। 

  • 1:36 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    किसान हुए उग्र, तोड़ी बेरिकेडिंग ,बस पर चढ़े, सीएम हाउस जाने की कर रहे कोशिश

    आंदोलन के दौरान किसान उग्र हो गए हैं और उन्होंने बेरिकेडिंग तोड़ दी है। कुछ किसान बसों पर चढ़ गए हैं और वह सीएम हाउस जाने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों ने बेरिकेडिंग उठा-उठाकर फेंकी है और जमकर हंगामा किया है। किसानों ने भारी संख्या में पहुंचकर कहा है कि अभी तो यह ट्रेलर है।

  • 12:19 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    सीएम मोहन यादव का किसानों को लेकर सामने आया बयान

    भोपाल: भोपाल में किसानों के विरोध-प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "हम किसानों के लिए पूरे राज्य में 'कृषि कल्याण वर्ष' मना रहे हैं। हम कई कदम उठा रहे हैं। मैंने किसानों से जुड़े एक मामले पर एक समिति बनाई है। यह समिति किसानों से बात करेगी। कल हमने राज्य के कृषि मंत्री को भेजा था। आज भी मंत्री और अधिकारी बातचीत करेंगे। सरकार किसानों के लिए सकारात्मक सुझावों का समर्थन करती है। लेकिन दोनों पक्षों को यह ध्यान रखना चाहिए कि इससे आम जनता को परेशानी न हो। हम बातचीत के ज़रिए इस समस्या का समाधान निकालेंगे।"

  • 12:18 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    किसान संगठन के नेताओं ने सरकार से बातचीत के लिए 2 बजे तक का टाइम दिया

    किसान संगठन के नेताओं ने सरकार से बातचीत के लिए 2 बजे तक का टाइम दिया है। सरकार ने मांगें नहीं मानी तो 2 बजे के बाद सीएम हाउस का घेराव होगा। वहीं किसानों केंद्रीय कृषि मंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना की सद्बुद्धि के लिए लगातार यज्ञ कर रहे हैं। किसान बाकायदा सरकार के खिलाफ आहुति दे रहे हैं, जिससे उन्हें सद्बुद्धि मिले, जिससे 100 फीसदी मूंग पर एमएसपी दी जाए। किसान स्वराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने इंडिया टीवी से कहा है कि 2 बजे के बाद वह सीएम हाउस की तरफ कूच करेंगे।

  • 10:52 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    वीर सावरकर सेतु की सुरक्षा सख्त की गई, किसानों की भीड़ जुटना शुरू

    पुलिस ने वीर सावरकर सेतु की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। 5 लेयर बेरिकेडिंग के बाद बड़ी-बड़ी बस खड़ी करके किसानों को रोकने के इंतजाम किए गए हैं। हालांकि वीर सावरकर सेतु पर फिर से सैकड़ों किसान इकट्ठा होने शुरू हो गए हैं। किसानों में बेरिकेडिंग देख भारी नाराजगी है।

  • 10:51 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित की

    भोपाल में किसान आंदोलन के चलते कल होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में जाम की स्थिति बनी थी। इस इलाके के तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित की है। किसानों का आंदोलन उग्र रूप ना ले ले, इस बात को ध्यान में रखते हुए स्कूलों ने ये कदम उठाया है। स्कूलों का मानना है कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। 

  • 10:49 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    किसानों की क्या हैं मांगें?

    किसान मुख्य रूप से 2 मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। पहली मांग ये है कि मूंग दाल की पूरी फसल सरकार MSP पर खरीदे। अभी सरकार केवल 25 फीसदी ही खरीद रही है, बाकी को किसान को बाजार में बेचना पड़ रहा है, जिससे उसका नुकसान हो रहा है। इसके अलावा किसान ये भी मांग कर रहे हैं कि खाद के वितरण के लिए टोकन सिस्टम खत्म किया जाए। 

  • 10:48 AM (IST) Posted by Rituraj Tripathi

    भोपाल में बड़ी संख्या में सड़कों पर किसान

    किसानों की बड़ी संख्या भोपाल में सड़कों पर उतर आई है और उसका लक्ष्य सीएम आवास का घेराव करना है। किसान चाहते हैं कि सरकार उनकी मांगे मान ले और सीएम हाउस का घेराव करके किसान अपनी शक्ति का परिचय देना चाहते हैं।