1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मछली गैंग का एक और सदस्य गिरफ्तार, पूर्व कांग्रेस पार्षद का बेटा है आरोपी, ड्रग्स तस्करी के आरोप

मछली गैंग का एक और सदस्य गिरफ्तार, पूर्व कांग्रेस पार्षद का बेटा है आरोपी, ड्रग्स तस्करी के आरोप

भोपाल में बीते दिनों क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में मछली गैंग के एक और सदस्य की गिरफ्तारी हुई है, जो कि पूर्व कांग्रेस पार्षद का बेटा है।

Machhli Gang MEMBER son of former Congress councilor is arrested accused of drug smuggling- India TV Hindi
Image Source : @ASHISH_HG ड्रग्स तस्करी मामले में पूर्व पार्षद का बेटा गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के भोपाल में बीते दिनों पुलिस ने हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया था। यहां यासीन अहमद नाम का एक व्यक्ति पूरा ड्रग रैकेट चला रहा था। यासीन अहमद हाई प्रोफाइल पार्टियों में लड़कियों को मुफ्त में नशे कराता था और जब लड़कियों को इसकी लत लग जाती थी, तब उनसे मोटी रकम वसूलता था। इस मामले में बीते दिनों मध्य प्रदेश पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने यासीन मछली गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने अंशुल सिंह भूरी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। अंशुल सिंह उर्फ भूरी भोपाल शहर में होने वाले संगठित अपराधों में शामिल रहा है। 

ड्रग्स तस्करी मामले में पूर्व पार्षद का बेटा गिरफ्तार

शैलेंद्र सिंह चौहान (एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच) ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि अंशुल पर शहर के विभिन्न पुलिस थानों में 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं, जिसमें तस्करी, हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट जैसे मामले भी शामिल हैं। अंशुल पूर्व कांग्रेस पार्षद का बेटा है। ड्रग तस्कर यासीन से पूछताछ के दौरान अंशुल का नाम ड्रग पेडलर के रूप में सामने आया था। यासीन और अंशुल के बीच ड्रग के लेनदेन संबंधित चैट्स और ट्रांजैक्शन के रिकॉर्ड्स को भी क्राइम ब्रांच ने बरामद किया है। 

भाजपा ने साधा निशाना

वहीं भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'कांग्रेस के हाथ में अपराधियों का हाथ। भोपाल क्राइम ब्रांच ने जिस ड्रग्स पेडलर अंशुल सिंह उर्फ भूरी को पकड़ा है, वह जीतू पटवारी की कांग्रेस का "युवा चेहरा" है। यह वही अंशुल सिंह है, जिसने कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव लड़ा। कांग्रेस नेताओं दिग्विजय सिंह, उमंग सिंघार, पीसी शर्मा, जयवर्धन सिंह और विक्रांत भूरिया के साथ उसके कई फोटो सार्वजनिक हैं। अंशुल का संबंध विभिन्न ड्रग तस्करों से भी सार्वजानिक हुआ है।