A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: नशेड़ी पति ने पत्नी की हत्या की, 9 साल की बेटी के सामने किया हमला, फिर हुआ फरार

मध्य प्रदेश: नशेड़ी पति ने पत्नी की हत्या की, 9 साल की बेटी के सामने किया हमला, फिर हुआ फरार

नशे में इंसान अपनी सुध-बुध कैसे खो देता है, उसका एक उदाहरण मध्य प्रदेश के रीवा से सामने आया है। रीवा में नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी है।

 husband- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नशेड़ी पति ने पत्नी की हत्या

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नशेड़ी पति ने पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस, आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

क्या है पूरा मामला?

रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक नशे के आदी पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान संजय गांधी अस्पताल में मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शिखा मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते दिन पति-पत्नी के बीच किसी दूसरी महिला को लेकर विवाद हुआ था, जिसके पति दीपक मिश्रा के साथ अवैध संबंध थे। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति दीपक मिश्रा ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने शिखा के गले और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के समय उनकी 9 वर्षीय बेटी दिशा मिश्रा मौके पर मौजूद थी। उसने ही घटना की जानकारी अपने ननिहाल पक्ष को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी पति का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी कारण शिखा कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। करीब 10 दिन पहले दीपक मिश्रा उसे मनाकर वापस ससुराल ले गया था।

बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के समय नशे में था और वह पहले से ही अपने बैग में चाकू लेकर आया था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसने वारदात की योजना पहले ही बना ली थी। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

मृतका का मायका रीवा शहर के गड़रिया में था, जबकि ससुराल सगरा थाना क्षेत्र में स्थित है। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। 

इस मामले में एसडीओपी उदित मिश्रा का बयान सामने आया है। (रिपोर्ट- रीवा से अशोक मिश्रा)