A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: तरबूज खाने के बाद पिता की मौत, बेटे की हालत गंभीर, मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश: तरबूज खाने के बाद पिता की मौत, बेटे की हालत गंभीर, मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश के श्योपुर में एक शख्स की तरबूज खाने के बाद मौत हो गई और उसके बेटे की हालत गंभीर है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

watermelon- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE PIC तरबूज खाने के बाद पिता की मौत

श्योपुर: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तरबूज खाने के बाद एक व्यक्ति की मौत की खबर है और उसके बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान हो गई है। उनका नाम इंद्र सिंह परिहार (43) था और वे आगर मालवा जिले के मूल निवासी थे। इंद्र सिंह परिवहन कारोबारी थे और श्योपुर में अपने परिवार के साथ रहते थे।

बेटे ने क्या बताया?

इंद्र सिंह के बेटे राजा ने बताया कि गुरुवार रात को सभी ने कद्दू की सब्जी खाई थी। शुक्रवार सुबह पिता इंद्र और भाई विनोद (21) की तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान उन्होंने तरबूज खा लिया। कुछ देर बाद दोनों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। 

कोतवाली के थाना प्रभारी सत्यम सिंह गुर्जर ने बताया कि जब दोनों की हालत ज्यादा बिगड़ गई तो उन्हें कोटा रेफर किया गया लेकिन रास्ते में पिता की मौत हो गई, वहीं बेटे का इलाज चल रहा है और वह वेंटिलेटर पर है।

गुर्जर ने ये भी बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।

बीते महीने भी तरबूज से जुड़ा मामला आया था सामने

बीते महीने मुंबई से भी तरबूज से जुड़ा मामला सामने आया था। यहां खबर आई थी कि एक परिवार के चार लोगों की तरबूज खाने के बाद मौत हो गई थी। हालांकि बाद में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट में ये सामने आया था कि उनके तरबूज में चूहे मारने में इस्तेमाल होने वाला 'जिंक फॉस्फाइड' पाया गया था।

गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में हर घर में तरबूज खाया जाता है। ऐसे में तरबूज से जुड़े मामले अब आम आदमी को डराने लगे हैं।