A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: लोडिंग गाड़ी से दिनदहाड़े गैस सिलेंडर की चोरी, CCTV में कैद हुई घटना

मध्य प्रदेश: लोडिंग गाड़ी से दिनदहाड़े गैस सिलेंडर की चोरी, CCTV में कैद हुई घटना

मध्य प्रदेश के देवास में दिनदहाड़े गैस सिलेंडर की चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। चोरों ने लोडिंग गाड़ी से ही सिलेंडर को चोरी किया और चंपत हो गए।

Gas cylinder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिनदहाड़े गैस सिलेंडर की चोरी की घटना

देवास: मध्य प्रदेश के देवास से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लोडिंग गाड़ी से दिनदहाड़े गैस सिलेंडर की चोरी हुई है और इसका सीसीटीवी भी मिला है।

क्या है पूरा मामला?

देवास शहर के केदारेश्वर मंदिर क्षेत्र में दिनदहाड़े गैस सिलेंडर चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर के पास खड़ी एक लोडिंग गाड़ी से दो युवक गैस सिलेंडर चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

जानकारी देते हुए लोडिंग संचालक योगेंद्र चौधरी ने बताया कि केदारेश्वर मंदिर के पास खड़ी एक लोडिंग गाड़ी में करीब 20 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और एक सिलेंडर को गाड़ी से उतारकर पास की एक गली में छिपा दिया। कुछ समय बाद एक ऑटो रिक्शा वहां पहुंचा, जिसमें दोनों युवकों ने सिलेंडर रखा और उसे लेकर फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब लोडिंग वाहन चालक मौके पर पहुंचा तो उसने सिलेंडरों की गिनती की। गाड़ी में 20 की जगह 19 सिलेंडर देखकर उसे चोरी का संदेह हुआ। इसके बाद उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो युवक सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिए।

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद वही युवक दोबारा गाड़ी के पास नजर आए। चालक ने उन्हें पहचान लिया और तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

बता दें कि इस घटना के सामने आने के बाद ये सवाल भी खड़ा हो गया है कि अब गैस सिलेंडर भी क्या इतना महंगा हो गया है कि चोरों ने इसे भी चुराना शुरू कर दिया है। आखिर एक गैस सिलेंडर चोरी करके चोरों ने एक नई बहस को शुरू कर दिया है, जिसमें मानव जीवन की जरूरी चीजें भी अब चोरों की नजर में हैं।  (रिपोर्ट- अरविंद चोकसे)