1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: बागेश्वर धाम के पास एक स्थानीय भोजनालय में गिरी दीवार, एक शख्स की मौत, 10 घायल

मध्य प्रदेश: बागेश्वर धाम के पास एक स्थानीय भोजनालय में गिरी दीवार, एक शख्स की मौत, 10 घायल

मध्य प्रदेश के छतरपुर के गढ़ा गांव में बागेश्वर धाम के पास एक स्थानीय भोजनालय में दीवार गिरने से एक शख्स की मौत हो गई है। इस घटना में 10 लोग घायल भी हुए हैं।

Madhya Pradesh- India TV Hindi
Image Source : VIRAL ON SOCIAL MEDIA बागेश्वर धाम के पास एक स्थानीय भोजनालय में गिरी दीवार

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां के गढ़ा गांव में बागेश्वर धाम के पास एक स्थानीय भोजनालय में दीवार गिर गई है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 10 घायल हैं। यह घटना क्षेत्र में भारी बारिश के बाद हुई है। इस मामले में छतरपुर के सीएमएचओ आरपी गुप्ता ने कहा, "हमें अस्पताल में एक शव और 10 घायल व्यक्ति मिले हैं।"

छतरपुर सीएमएचओ आर.पी. गुप्ता ने बताया, "आज सुबह भारी बारिश के कारण एक ढाबे पर दीवार ढह जाने से कुछ श्रद्धालु घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल लाया गया है। उपचार चल रहा है। 10 लोग घायल हैं, एक व्यक्ति की मौत हुई है। 1-2 लोगों को ज्यादा चोट आई है।"

बागेश्वर धाम का क्या है महत्व?

बागेश्वर धाम का महत्व धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अत्यंत विशेष है। यह मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में स्थित एक प्रसिद्ध हिंदू तीर्थ स्थल है, जो भगवान हनुमान (बालाजी) को समर्पित है। यहाँ स्वयंभू हनुमान जी की मूर्ति विराजमान है, जिसे चमत्कारिक और जागृत माना जाता है। 

बागेश्वर धाम को भक्तों की समस्याओं के समाधान का केंद्र माना जाता है। यहां भक्त अपनी अर्जी (प्रार्थना) लाल, पीले या काले कपड़े में नारियल बांधकर प्रस्तुत करते हैं, जिसे पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के माध्यम से बालाजी महाराज तक पहुंचाया जाता है। सामान्य समस्याओं के लिए लाल, विवाह-संबंधी के लिए पीला, और प्रेत बाधा के लिए काला कपड़ा प्रयोग किया जाता है।

माना जाता है कि यहां दर्शन मात्र से ही भक्तों को हनुमान जी की कृपा और आशीर्वाद प्राप्त होता है। यह स्थान तपस्वियों की दिव्य भूमि के रूप में भी जाना जाता है। धाम में मंगलवार और शनिवार को विशेष दरबार लगता है, जहां भक्तों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। यह दरबार यूट्यूब और संस्कार टीवी पर भी प्रसारित होता है।