धार: एमपी के धार जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां इश्क में पागल एक शादीशुदा आशिक दरिंदे में बदल गया। आशिक लगातार एक युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। हालांकि जब युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया तो यह आशिक दरिंदा बन गया और युवती के साथ ही उनके पिता पर भी हमला कर दिया। पूरा मामला गंधवानी थाना क्षेत्र के बेहड़दा गांव का है। फिलहाल गंभीर हालत में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने सनकी आशिक को गिरफ्तार भी कर लिया है।
दूसरी शादी करना चाहता था युवक
जानकारी के मुताबिक 31 साल का आरोपी दिनेश पहले से शादीशुदा है। इसके बावजूद दिनेश का 23 साल की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दिनेश लगातार युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। हालांकि युवती के परिवार वालों ने शादी से साफ इंकार कर दिया था। इस बात को लेकर विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों की ओर से पंचायत भी बुलाई गई। पंचायत में दिनेश के पक्ष में फैसला नहीं दिया। इस पर वह आगबबूला हो उठा। दिनेश ने दिनदहाड़े युवती और उसके पिता पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दोनों को लहूलुहान कर दिया।
बाप-बेटी पर चाकू से किया हमला
घटना के बाद युवती अपने पिता के साथ जीराबाद चौकी पर रिपोर्ट दर्ज करवाने जा रही थी। इसी दौरान बीच रास्ते में आरोपी ने एक बार फिर पिता-पुत्री पर हमला कर दिया। इसके बाद गंभीर हालत में युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। धार जिले के एसपी मयंक अवस्थी ने बताया सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 109 समेत कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल युवती की स्थिति स्थिर बनी हुई है। (इनपुट- एकता शर्मा)
यह भी पढ़ें-
आजम खान को जेल से लाने गई 25 गाड़ियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 73500 रुपये का कटा चालान
यूपी: गाजियाबाद में महिला पुलिस की टीम ने दिखाई बहादुरी, मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली मारी