1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भिंड में सड़क पर बैठी गाय को बचाने के चक्कर में 8 लोगों की मौत, 22 घायल; एक्सीडेंट में वाहन के उड़े परखच्चे

भिंड में सड़क पर बैठी गाय को बचाने के चक्कर में 8 लोगों की मौत, 22 घायल; एक्सीडेंट में वाहन के उड़े परखच्चे

भिंड के नेशनल हाईवे-719 पर आधी रात को हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 22 घायल हैं। घायलों में कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन- India TV Hindi
Image Source : REPORTER हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित नेशनल हाईवे 719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास देर रात एक लोडिंग वाहन की ट्रक से जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को गोहद स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां से गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। 

धान रोपाई करके घर जा रहे थे मजदूर

 जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के डबरा के पास चिनोर गांव में धान रोपाई का काम करने के बाद उत्तर प्रदेश के पछगवां, लखीमपुर खीरी एवं आसपास के गांवों के रहने वाले मजदूर लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने-अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे 719 पर छीमका गांव के पास मध्य रात्रि 12 बजे के करीब सामने से आ रहे ट्रक से लोडिंग वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। 

रोड पर बैठी गायों को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि सड़क पर बैठी गायों को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। दोनों ही वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, ऐसे में भीषण भिड़ंत में लोडिंग वाहन में सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और डायल 108 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 108 एम्बुलेंस प्रभारी प्रभांशु दुबे द्वारा तुरन्त 5 डायल 108 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई। जिसके बाद डायल 112 वाहन और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को गोहद अस्पताल भिजवाया गया। जहां से कई की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया, जिसमें से तीन लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। 

घायलों में कई मजदूरों की हालत नाजुक

हादसे में घायल हुए कुछ मजदूरों की स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है। हादसा इतना गंभीर था कि लोडिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसका आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इससे पहले रतलाम जिले में शुक्रवार देर रात मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हुए रोड एक्सीडेंट में चार लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में पांच लोग घायल भी हुए थे।

 यूपी के सीएम योगी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भिंड हादसे पर शोक जताया है। सीएम योगी ने कहा कि मध्य प्रदेश के भिंड में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक और मन को व्यथित करने वाली है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। 

अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर दुर्घटना में काल-कवलित हुए उ.प्र. के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाकर परिजनों को सौंपने एवं घायलों के समुचित इलाज कराने हेतु निर्देशित किया है। इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

(भिंड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः घर-घर जाकर नागराज के दर्शन करा रहा था सपेरा, नागपंचमी पर पूजा करते समय महिला को डस लिया; अस्पताल में भर्ती