1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'तुझे मारकर तेरी पत्नी को साथ रखूंगा', Wife को विदा करने गया पति हुआ किडनैप, युवको ने बुरी तरह पीटा; देखें Video

'तुझे मारकर तेरी पत्नी को साथ रखूंगा', Wife को विदा करने गया पति हुआ किडनैप, युवको ने बुरी तरह पीटा; देखें Video

मध्य प्रदेश के खिलचीपुर क्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर पीटने का वीडियो सामने आया है। युवक का आरोप है कि आरोपी ने कहा कि मैं तेरी पत्नी को अपने साथ रखूंगा और तुम्हें जान से मार दूंगा।

युवक को पेड़ से बांधकर पीटा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER युवक को पेड़ से बांधकर पीटा

राजगढ़ः राजगढ़ के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने बोलेरो वाहन से पीछा किया, रास्ता रोककर उसे जबरन जंगल में ले गए और पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पत्नी को अपने साथ रखने की बात भी कही। मामले का वीडियो सोमवार को सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित रवि वर्मा (22) गुर्जरखेड़ी थाना जीरापुर के साथ मारपीट हुई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। शनिवार को वह बाइक से पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था, लेकिन उसके ससुर ने पत्नी को साथ भेजने से मना कर दिया। इसके बाद अकेला ही वापस लौटने लगा। तभी रास्ते में कुछ बदमाशों ने बंधक बनाकर मारपीट की।

बोलेरो अड़ाकर रोका रास्ता, पेड़ से बांधकर पीटा 

रवि के अनुसार, शेरपुरा और हिनोतिया गांव के बीच एक सफेद बोलेरो उसका पीछा करने लगी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बोलेरो को सड़क के बीच खड़ा कर उसका रास्ता रोक लिया गया। वाहन में सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उसके सिर और मुंह पर काला कपड़ा डाल दिया और जबरन पकड़कर सड़क से करीब 300 मीटर दूर जंगल में ले गए। जहां आरोपियों ने रवि को एक पेड़ से बांध दिया और लात-घूंसों से पिटाई की। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति की पहचान उसने रवि भिलाला के रूप में की है, जबकि अन्य तीन लोगों को वह नहीं जानता। मारपीट के दौरान रवि भिलाला ने उसे जान से मारने की धमकी दी और पत्नी को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं।

यहां देखें वीडियो

रिश्तेदार को फोन लगवाकर फरार हुए आरोपी 

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन से उसकी बुआ के बेटे राजेश को कॉल कराया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। कुछ समय बाद राजेश और गिरिराज घटनास्थल पहुंचे और पेड़ से बंधे रवि को छुड़ाकर घर ले गए। रवि उसी रात परिजनों के साथ खिलचीपुर थाने पहुंचा था, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने बताया कि दो दिन तक पूरे मामले की जांच की।

पुष्टि होने के बाद रविवार रात केस दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने युवक का मोबाइल, बाइक या नकदी नहीं छीनी, इसलिए मारपीट के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- गोविंद सोनी