1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. PM मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी को लेकर CM मोहन यादव ने कांग्रेस को घेरा, बोले- "राजनीति में मर्यादा जरूरी"

PM मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी को लेकर CM मोहन यादव ने कांग्रेस को घेरा, बोले- "राजनीति में मर्यादा जरूरी"

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि राजनीति में भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव- India TV Hindi
Image Source : REPORT मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिताजी के संबंध में की गई टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को भी राजनीति में घसीटने से बाज नहीं आती।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। राजनीतिक विरोध के दौरान भी गरिमा, शालीनता और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आचरण देश की जनता के सामने है और जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखना बेहद जरूरी है।

मल्लिकार्जुन खरगे का बयान?

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में संबोधन के दौरान पीएम मोदी के पिता पर विवादित बयान दिया। खरगे ने कहा कि "मोदी का बाप भी जाएगा।" खरगे ने ये बयान उस वक्त दिया, जब एक शख्स उनकी स्पीच के बीच में बोल पड़ा कि "मोदी नहीं जाएगा।" इसके बाद खरगे ने नाराज होते हुए कहा कि "मोदी का बाप भी जाएगा।" इसका वीडियो भी सामने आया है।

मल्लिकार्जुन खरगे जब पटना में संबोधन दे रहे थे, उस वक्त भीड़ में से एक युवक ने कहा, "मोदी नहीं जाएगा।" इस पर खरगे भड़क गए और उन्होंने कहा, "मोदी का बाप भी जाएगा।" खरगे ने कहा कि मोदी की झूठ बोलने की आदत है।

युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया

कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने उस व्यक्ति की पिटाई की और उसे हॉल से हटा दिया, जिसने ये कहा था कि "मोदी नहीं जाएगा।" शख्स का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसके बोलते समय उसे धक्का देते हुए बाहर किया जा रहा है।

मामले में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दी है।