A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मुरैना में 5 वर्षीय बच्चे की गोली मारकर हत्या, मोटरसाइकिल सवार ने घटना को दिया अंजाम

मुरैना में 5 वर्षीय बच्चे की गोली मारकर हत्या, मोटरसाइकिल सवार ने घटना को दिया अंजाम

मध्य प्रदेश के मुरैना में एक शादी समारोह में पहुंचे 5 साल के बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और गोली मारने के बाद वह घटनास्थल से फरार हो गए।

morena 5 year old child shot dead motorcycle rider committed the crime- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक पांच साल के बच्चे को विवाह स्थल के बाहर गोली मार दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित गप्पू शाक्य अपने परिवार के साथ जौरा कस्बे में अपनी मौसी की शादी में शामिल होने गया था, जब मंगलवार रात यह घटना घटी। पुलिस उपनिरीक्षक उदयभान यादव ने बताया कि जब वह विवाह स्थल शिवहरे धर्मशाला के बाहर खेल रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने उसे गोली मार दी और भाग गया। उन्होंने बताया कि बच्चे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। यादव ने बिना नाम लिए कहा कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए खोजबीन जारी है। उन्होंने उसका नाम नहीं बताया। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। 

भिंड में हुआ सड़क हादसा

बता दें कि मध्य प्रदेश के भिंड में मंगलवार की सुबह-सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां बहन के घर शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया, जिसमें 7 लोगों की जान चली गई और एक दर्जन से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। घटना भिंड के देहात थाना क्षेत्र के जवाहरपुरा की है, यहां भिंड कलेक्ट्रेट में काम करने वाले गिरीश नारायण अपने परिवार के साथ बहन के घर शादी समारोह में भात देने गए थे। सुबह वापसी के दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने सवारी से भरे पिकअप वाहन में टक्कर मार दी। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई। 5 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि 2 की मौत इलाज के दौरान हो गई। वहीं 7 गंभीर घायलों को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कुल एक दर्जन से अधिक घायल हैं। 

नेशनल हाईवे 719 पर हुआ

घटना नेशनल हाईवे 719 पर देहात थाना क्षेत्र के जवारपुर गांव के पास हुई। सभी लोग शादी समारोह से भात देकर वापस आ रहे थे। घटना से आक्रोशित लोगों ने मौके पर जाम लगा दिया। मामले की सूचना मिलते ही स्थानी पुलिस सहित पुलिस अधीक्षक डॉक्टर असित यादव भी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी के साथ ही कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव भी जिला अस्पताल पहुंच गए। वहीं ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के अलावा अन्य डॉक्टर भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंच गए और घायलों को तत्काल इलाज दिया गया।

(इनपुट-भाषा)