1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पत्नी की डिलिवरी के खर्चे के लिए शख्स बन गया हत्यारा और लुटेरा, महिला की हत्या कर के लूट लिए जेवरात

पत्नी की डिलिवरी के खर्चे के लिए शख्स बन गया हत्यारा और लुटेरा, महिला की हत्या कर के लूट लिए जेवरात

बालाघाट में एक शख्स ने पत्नी की डिलिवरी के लिए अस्पताल में हुए खर्च के लिए लूट औ हत्या की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर के केस का खुलासा कर दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

madhya pradesh Balaghat murder case- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक फोटो।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की डिलिवरी के खर्चे के लिए लूट और हत्या का रास्ता अपना लिया। दरअसल, बालाघाट की तिरोड़ी पुलिस ने एक ऐसे ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है जिसमें शख्स ना सिर्फ हत्यारा निकला बल्कि वह लूटेरा भी रहा। जानकारी के मुताबिक, रूपेश मरकाम नाम के एक शख्स ने अपनी पत्नी के डिलिवरी के लिये अस्पताल में हुए अत्यधिक खर्च की आवश्यकता के लिए एक महिला की हत्या कर दी और उसके जेवरात लूट लिए।

क्या है पूरा मामला?

सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी रूपेश मरकाम ने भैंस चराने गई महिला खेलनबाई तुरकर (53 वर्ष) की हत्या कर दी और उसके सोने के जेवरात में कान के टॉप्स और मंगलसूत्र लूट लिये। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लूटे गए जेवरात को लेकर एक सुनार के यहां गया और इन्हें 25 हजार रूपये में गिरवी रख दिया था। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही लूटे गए जेवरात को भी बरामद कर लिया हैं।

पुलिस ने क्या बताया?

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा द्वारा बताया गया कि 8 अक्टूबर को तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में महिला खेलनबाई तुरकर (उम्र 53 वर्ष) अपने मवेशी चराने के लिये गई हुई थी जिसकी हत्या का मामला सामने आया था। महिला के जेवरात भी लूट लिये गये थे। प्रारंभ में यह मामला ब्लाइंड मर्डर से जुड़ा था और आरोपी अज्ञात था। जब मामले की लगातार जांच की गई तो उसमें आरोपी रूपेश मरकाम (निवासी- जामरापानी) की संदिग्ध भूमिका सामने आयी। आरोपी ने बोनकटटा में एक सूने घर में जेवरात की चोरी की थी। इस घटना को लेकर पूछताछ करने पर पता चला कि उसने महिला की हत्या की और उसके पश्चात जेवरात लूट लिये और जेवरात को गिरवी रख दिया था। आपको बता दें कि इससे पहले एमपी के दमोह में भी मां ने तीन बच्चों को कुएं में धकेल दिया था और फिर खुद भी उसमें कूद गई थी। घटना में 3 की मौत हो गई थी और 5 साल की बेटी की जान बच गई थी।

आरोपी को पैसों की आवश्यकता थी

बालाघाट की घटना को लेकर एसपी ने बताया कि आरोपी की पत्नी के डिलिवरी में निजी अस्पताल में 50 से 60 हजार रूपये खर्च हुए थे और उसे पैसों की आवश्यकता थी। इसकी भरपाई करने के लिये उसने पहले चोरी की। इसके पश्चात उसने महिला की हत्या व जेवरात लूटने की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी के द्वारा गिरवी रखे गए जेवरात को बरामद कर लिया गया है जिसकी रिमांड ली जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी तिरोड़ी मॉल में डेली वेजेस वर्कर था। (रिपोर्ट: शौकत बिसाने)

ये भी पढ़ें- भोपाल से हैरान कर देने वाला मामला, IAS विवेक पोरवाल के बंगले से चोरी हो गया चंदन का पेड़, सुरक्षा पर उठे सवाल

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, मिलने पहुंची उज्जैन, कॉफी पिलाने के बाद महिला से चलती कार में गैंग रेप का आरोप, जांच में जुटी पुलिस