1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. अश्लील वीडियो बनाकर बुजुर्गों को करते थे ब्लैकमेल, हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, महिला समेत 2 गिरफ्तार

अश्लील वीडियो बनाकर बुजुर्गों को करते थे ब्लैकमेल, हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, महिला समेत 2 गिरफ्तार

पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश- India TV Hindi
Image Source : STRINGER INPUT हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश

मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले की देहात थाना पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह अश्लील वीडियो बनाकर बुजुर्गों को झूठे दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के मामलों में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलता था। गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं, जो पूर्व में भी हनी ट्रैप के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके पहले ग्वालियर में सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाने वाले युवक को इसी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया।

अश्लील वीडियो बनाकर बुजुर्गों को धमकाते थे आरोपी

पुलिस के अनुसार 10 अक्टूबर 2026 को एक फरियादी ने थाना देहात पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि करीब 14-15 दिन पहले उसके पास एक महिला का फोन आया। महिला ने स्वयं को रिश्तेदारी में जीजा का संबंध बताते हुए उससे मधुर बातचीत की और सर्किट हाउस के पास मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान महिला उसे चाय पिलाने के बहाने अपने घर ले गई, जहां पहले से रची गई साजिश के तहत गिरोह के अन्य सदस्यों ने उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने, झूठे दुष्कर्म तथा एससी-एसटी एक्ट के प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने फरियादी से दो घंटे के भीतर एक लाख रुपये भी वसूल लिए।

हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़

शिकायत के आधार पर देहात थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 670/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 308(5), 308(6), 351(2), 61(2) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 11 अक्टूबर 2026 को सर्किट हाउस के पास से गिरोह के एक पुरुष एवं एक महिला सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने इसी तरह कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है। संभावित पीड़ितों की पहचान की जा रही है। वहीं फरार एक महिला और एक पुरुष आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार दोनों पूर्व में भी हनी ट्रैप के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं और शातिर अपराधी हैं।

पुलिस की जनता से अपील

भिण्ड पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के साथ ब्लैकमेलिंग या हनी ट्रैप जैसी घटना होती है तो बिना किसी भय या संकोच के तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

(परानिधेश भारद्वाज - स्ट्रिंगर)

ये भी पढ़ें - सोशल मीडिया पर महिलाओं को जाल में फंसाता, फिर बनाता अश्लील वीडियो, ग्वालियर पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक