1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पहलगाम आतंकी हमलाः पत्नी का बर्थडे मनाने गए एलआईसी ब्रांच मैनेजर की मौत, परिजन बोले- आतंकियों को चुन-चुनकर मारा जाए

पहलगाम आतंकी हमलाः पत्नी का बर्थडे मनाने गए एलआईसी ब्रांच मैनेजर की मौत, परिजन बोले- आतंकियों को चुन-चुनकर मारा जाए

कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों को निशाना बनाकर किए गए आतंकवादी हमले में अलीराजपुर जिले में एलआईसी के शाखा प्रबंधक और इंदौर के हीरा नगर इलाके के अभिनंदन नगर निवासी सुशील नथानियल की मौत हो गई।

आतंकी हमले में मारे गए सुशील नथानियल की तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आतंकी हमले में मारे गए सुशील नथानियल की तस्वीर

अलीराजपुरः पहलगाम आतंकी हमले में मध्य प्रदेश के अलीराजपुर के सुशील नथानियल की जान चली गई। सुशील एलआईसी के ब्रांच मैनेजर थे। वह पत्नी का जन्मदिन मनाने पहलगाम गए हुए थे। मौत की सूचना परिजनों के मिलने के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने पीएम मोदी से आतंकियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि आतंकियों को चुन-चुन मारा जाए।

पत्नी का बर्थडे मनाने गए थे पहलगाम

जानकारी के अनुसार, आतंकी हमले में इंदौर के सुशील नथानिया की मौत हो गई। वह अलीराजपुर की एलआईसी शाखा में पदस्थ थे। हमले में सुशील की बेटी आकांक्षा भी घायल हुई है। सुशील बेटे ऑस्टिन, बेटी आकांक्षा और पत्नी जेनिफर के साथ कश्मीर घूमने गए थे। सुशील नथानिया का परिवार मूल रूप से जोबट का रहने वाला है।

आतंकी हमले में बेटी भी घायल

अधिकारियों के अनुसार, हमले में नाथनियल के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए श्रीनगर ले जाया गया, लेकिन वे बच नहीं पाए। दिनदहाड़े हुए इस हमले में दर्शनीय स्थल पर घूमने आए कई पर्यटक हताहत हुए। इस हमले ने कई लोगों के परिवार को तबाह कर दिया है। नाथनियल की बेटी आकांक्षा, जो बैंक ऑफ बड़ौदा सूरत में एक अधिकारी के रूप में तैनात है, इस घटना के दौरान घायल हो गई, जबकि उनकी पत्नी जेनिफर, जो एक सरकारी शिक्षिका हैं, सदमे की स्थिति में हैं।  

गुड फ्राइडे मनाने के बाद गए थे कश्मीर

इंदौर में नाथनियल परिवार के पड़ोसियों ने बताया कि वे गुड फ्राइडे पर एक साथ स्थानीय चर्च विंसेंट पल्लोटी गए थे। ईस्टर मनाने के बाद, चार लोगों का परिवार रविवार को यात्रा के लिए रवाना हुआ। हमले की खबर से स्थानीय समुदाय सदमे और शोक में है। इंदौर में वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है और कहा है कि प्रभावित परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।

रिपोर्ट- सचिन जोशी, अलीराजपुर