A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इसे ही कहते हैं 'दवा-दारू' करना! हाथ में ड्रिप लगाकर अस्पताल के बेड पर शराब पीता दिखा मरीज, VIDEO वायरल

इसे ही कहते हैं 'दवा-दारू' करना! हाथ में ड्रिप लगाकर अस्पताल के बेड पर शराब पीता दिखा मरीज, VIDEO वायरल

एमपी के अशोकनगर जिले से एक अजीबोगरीब घटना का वीडियो सामने आया है। यहां जिला अस्पताल में एक मरीज को हाथ में ड्रिप लगाकर शराब पीते हुए देखा जा सकता है। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

अस्पताल के बेड पर शराब पीता मिला मरीज। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अस्पताल के बेड पर शराब पीता मिला मरीज।

अशोकनगर: मध्यप्रदेश वाकई अजब-गजब है। कभी नेता, कभी अधिकारी तो अब अस्पतालों में मरीज और उनके साथी ऐसी हरकतें कर रहे हैं जिनसे प्रदेश बार-बार शर्मसार हो रहा है। ताजा मामला अशोकनगर के जिला अस्पताल का है। यहां सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज देवेंद्र यादव अपने रिश्तेदारों संग बेड पर बैठकर शराब पीते नजर आया। घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। मामला का वीडियो भी सामने आया है, जो अस्पताल के स्टाफ की सदस्य ने बनाया है। 

अस्पताल के बेड पर ही शराब पीता मिला मरीज

वीडियो में देखा जा सकता है कि अस्पताल में भर्ती मरीज अपने दोस्त के साथ बैठकर बेड पर ही शराब पी रहा है। मरीज के हाथ में ड्रिप भी लगी हुई है। दरअसल, ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी जब वार्ड में पहुंचीं तो मरीज और उसके साथी गिलास लेकर शराब पी रहे थे। नर्स ने उन्हें फौरन टोका तो रिश्तेदारों ने गिलास छिपाने की कोशिश की, लेकिन गायत्री चौधरी ने पकड़ लिया और जमकर फटकार लगाई। उन्होंने घटाना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी के द्वारा टोके जाने पर मरीज के रिश्तेदार कहते नजर आ रहे हैं कि कोई दिक्कत नहीं है, हालांकि बाद में माफी मांगते भी नजर आए। 

नर्स ने लगाई फटकार

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में नर्स द्वारा मरीज और उसके साथी को फटकार लगाई जा रही है। वीडियो में नर्स करती है, "यह चीज कर रहे हो आप लोग। हम लोग यहां पर काम करते हैं, हम लोगों को ठीक करने के लिए हैं, आप लोग भर्ती हुए हैं। हम आप लोगों का इलाज करते हैं मर-मर के रात-रात भर जागकर, अपनी तबीयत खराब करके और आप लोग यह कर रहे हो। घर के बाहर पीयो लेकिन अस्पताल में बैठकर यह चीज कर रहे हो। यह पेशेंट है, यह जगह है क्या? यह मंदिर है हमारे लिए और आप लोग यहां पर यह चीज कर रहे हो? लोग भगवान का घर समझते हैं, यहां से ठीक होकर जाते हैं लोग।" फिलहाल इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

यह भी पढ़ें-

NDA के घोषणा पत्र में बड़ी-बड़ी बातें, यहां 25 पॉइंट में आसानी से समझें

VIDEO: राघोपुर में राबड़ी देवी की छापेमारी, लोगों ने तेजस्वी के खिलाफ मां से खूब की शिकायत...जानें क्या कहा