A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शिप्रा नदी में पलटी पुलिस की कार, सामने आया घटना का VIDEO

शिप्रा नदी में पलटी पुलिस की कार, सामने आया घटना का VIDEO

बीते शनिवार को पुलिस का एक वाहन अनियंत्रित होकर शिप्रा नदी में पलट गया। इस घटना का वीडियो अब सामने आया है।

शिप्रा नदी में पलटी पुलिस की कार।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शिप्रा नदी में पलटी पुलिस की कार।

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पुलिस का एक वाहन अनियंत्रित होकर शिप्रा नदी में गिर गया था। इस हादसे में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल अभी भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं अब इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिस के वाहन को पुल से नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है। वहीं शिप्रा नदी का जलस्तर इन दिनों बढ़ा हुआ है, जिससे लापता पुलिसकर्मियों की तलाश करने में समस्या आ रही है। 

तलाशी अभियान जारी

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए उज्जैन के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रदीप शर्मा ने बताया कि बचाव और तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 8:45 बजे हुई। हादसे के बाद अभी भी दो लोगों के लापता होने की आशंका है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया, "एक सफेद कार के पुल पर से नदी में गिरने की सूचना मिली। यह घटना रात करीब 8:45 बजे हुई। पानी का बहाव तेज है, जिससे कार में सवार लोगों की संख्या और उनकी स्थिति का पता लगाना मुश्किल हो रहा है।"

घटना का वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो भी आज सोमवार को सामने आई है। वीडियो में देखा जा रहा है कि पुल से जाते समय अचानक पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर जाता है। इस छोटे से वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पुलिस का वाहन पुल के बांये दिशा में अनियंत्रित होकर गिर गया। एसपी ने कहा, "उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, एक महिला और एक पुरुष आरक्षक के साथ एक लापता बच्ची की तलाशी के सिलसिले में निकले थे। इसी दौरान उनका वाहन अनियंत्रित होकर शिप्रा नदी के बड़े पुल से नीचे गिर गया। उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा का शव बरामद कर लिया गया है। एनडीआरएफ की टीम दोनों आरक्षकों की तलाश कर रही हैं।"