A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. AIIMS भोपाल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने बीच सड़क पर शराब के नशे में मचाया उत्पात, पुलिस को दीं गालियां; VIDEO

AIIMS भोपाल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने बीच सड़क पर शराब के नशे में मचाया उत्पात, पुलिस को दीं गालियां; VIDEO

AIIMS भोपाल के डॉक्टरों द्वारा नशे में उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें ये डॉक्टर्स पुलिस के साथ गाली-गलौच और अभद्रता करते दिख रहे हैं।

AIIMS Bhopal- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT AIIMS भोपाल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने बीच सड़क पर किया नशा, पुलिस से की गाली-गलौच

भोपाल: AIIMS भोपाल के इमरजेंसी गेट के सामने मंगलवार देर रात रेजिडेंट डॉक्टरों ने नशे में जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि चार डॉक्टर सड़क पर कार खड़ी करके शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पुलिस के साथ बदतमीजी की।

क्या है पूरा मामला?

वायरल वीडियो में एक डॉक्टर पुलिसकर्मी से अभद्रता करते हुए कहता नजर आ रहा है, "2016 से यहां हूं, तुम कौन हो, मैं 10 थाना के अधिकारियों को जानता हूं।"

वीडियो में कार की छत पर बीयर की बोतल रखी दिख रही है। दो डॉक्टर कार में नशे में धुत पड़े हैं और बीयर व स्नैक्स चारों ओर बिखरे हुए हैं। जब पुलिस ने पूछा कि इतनी क्यों पी ली, तो डॉक्टर ने जवाब दिया कि हम यहीं के हैं, एम्स के हैं।

घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। वीडियो में डॉक्टर मौके से भागने की कोशिश करता है, लेकिन पुलिसकर्मी उसे रोक लेते हैं। पुलिस ने पूरी रिपोर्ट तैयार कर एम्स प्रबंधन को भेज दी है। 

मामले की जांच के लिए समिति गठित

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे एम्स प्रशासन को घटना की जानकारी मिली। प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि वीडियो में दिख रहे लोग वास्तव में एम्स से जुड़े हैं या नहीं। उनकी पहचान और विभाग की पुष्टि के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स हैरान हैं और उनका कहना है कि जब एम्स के डॉक्टर्स इस तरह का व्यवहार करते दिखेंगे तो आम जनता का डॉक्टरों पर भरोसा कैसे बना रह पाएगा। डॉक्टरों को भगवान का दर्जा दिया जाता है क्योंकि वह बीमार इंसानों की जान बचाने में कारगर भूमिका निभाते हैं। लेकिन इस वीडियो में दिख रहे डॉक्टर्स जिस तरीके से अभद्रता करते दिख रहे हैं, वह किसी सभ्य समाज का अंग तो नहीं कहे जा सकते।