1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी की घर में ही गला रेतकर हत्या, पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थीं

भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी की घर में ही गला रेतकर हत्या, पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थीं

रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की भोपाल में उनके घर में गला रेतकर हत्या हो गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

Retired IAS officer- India TV Hindi
Image Source : PTI रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी गई है। जिस वक्त ये घटना घटी, उस वक्त उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थीं।

रिटायर्ड IAS अधिकारी की उम्र 70 साल थी। पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब पांच बजे मिली। घटना रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर की है। ये जानकारी पुलिस अधिकारी के हवाले से सामने आई है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को भोपाल में 70 साल के रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल अपने घर में मृत पाए गए; उनका गला कटा हुआ था।

नौकर पर शक, 2 दिन पहले ही नया रखा था

पुलिस के मुताबिक, राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ घर में रहते थे। उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थीं और इधर किसी ने उनका गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले में शक की पहली सुई घर के नौकर पर जा रही है।  नए नौकर को 2 दिन पहले ही काम पर रखा गया था। 

घटना के बाद से नौकर लापता है और उसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है और संदिग्ध की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मौके पर तमाम बड़े अधिकारियों का जमावड़ा लगा हुआ है। 

इस घटना के सामने आने के बाद ये सवाल खड़ा हो गया है कि जब रिटायर्ड IAS अधिकारी अपने घर के अंदर सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी ये उम्मीद कैसे करेगा कि वह अपने घर और बाहर सुरक्षित है? अब देखना ये होगा कि पुलिस इस मामले में क्या खुलासा करती है।

हाल ही में एमपी के 2 IAS अधिकारी रहे चर्चा में

इससे पहले एमपी में 2 आईएएस अधिकारी इसलिए चर्चा में आए थे क्योंकि दोनों IAS के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। दरअसल मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने पर सख्त रुख अपनाया था और जस्टिस विवेक जैन की सिंगल बेंच ने तत्कालीन प्रमुख सचिव राजस्व विवेक पोरवाल और तत्कालीन सागर कलेक्टर संदीप जीआर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

IAS पद से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने किया राजनीति में एंट्री का ऐलान, जानें VIDEO जारी करके क्या कहा