1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ग्वालियर में दिनदहाड़े सनसनी, वकील पर ताबड़तोड़ फायरिंग से मौत, इलाके में दहशत

ग्वालियर में दिनदहाड़े सनसनी, वकील पर ताबड़तोड़ फायरिंग से मौत, इलाके में दहशत

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार में जमीनी विवाद के चलते 60 वर्षीय वकील रतन सिंह यादव की तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

man shot dead- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE कॉन्सेप्ट इमेज।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के भितरवार कस्बे में सोमवार दोपहर तीन अज्ञात सशस्त्र बदमाशों ने एक 60 वर्षीय वकील रतन सिंह यादव की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात डबरा रोड पर स्थित एक ढाबे के पास दिनदहाड़े अंजाम दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया।

दिनदहाड़े बरसाईं गोलियां, अस्पताल में तोड़ा दम

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों ने एडवोकेट रतन सिंह यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगीं। गोलियां लगने से वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए ग्वालियर शहर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

जमीनी विवाद बना हत्या की वजह!

प्रारंभिक जाँच के आधार पर भितरवार के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गगन हनवत ने बताया कि यह हमला किसी पुराने ज़मीनी विवाद से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अधिकारी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक वकील का कुछ लोगों के साथ ज़मीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जाँच की जा रही है।

रिश्तेदारों से चल रही थी पुरानी रंजिश, पुलिस में मची हलचल

मृतक रतन सिंह यादव के परिजनों ने भी पुलिस को दिए बयान में इस बात की पुष्टि की है। परिजनों का कहना है कि एक ज़मीन के टुकड़े को लेकर रतन सिंह का उनके ही कुछ रिश्तेदारों के साथ लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। परिजनों ने उन्हीं पर हत्या का संदेह जताया है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की वारदात के बाद से स्थानीय वकीलों और निवासियों में भारी आक्रोश है। पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Input-PTI

ये भी पढ़ें: हॉलीवुड vs बॉलीवुड, 'अवेंजर्स: डूम्सडे' से कई गुना बेहतर 'रामायण' का VFX, फीका पड़ा मार्वल का जादू