1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एक ही गोत्र की वजह से शादी के खिलाफ थे परिजन, नाबालिग प्रेमी जोड़े ने पेड़ से लटककर की खुदकुशी

एक ही गोत्र की वजह से शादी के खिलाफ थे परिजन, नाबालिग प्रेमी जोड़े ने पेड़ से लटककर की खुदकुशी

दोनों के घर छोड़ने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाशी शुरू की तो जंगल में एक पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के बरगवां थाना क्षेत्र में एक नाबालिग प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग था, लेकिन एक ही गोत्र होने की वजह से परिजन उनके विवाह के खिलाफ थे।

परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक नाबालिग लड़की बरगवां थाना क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि लड़का कराहल थाना क्षेत्र का निवासी था। दोनों बुधवार सुबह करीब 10 बजे अचानक अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे। जब काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला, तो परिजनों ने बुधवार शाम बरगवां थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल लोकेशन से हुआ खुलासा

बरगवां थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने बताया कि मामला दर्ज होते ही पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। तकनीकी टीम की मदद लेते हुए लड़के के मोबाइल नंबर को ट्रैक किया गया। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस की एक टीम गुरुवार सुबह जंगल की ओर रवाना हुई, जहां एक पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके पाए गए।

थाना प्रभारी तोमर ने बताया, "लड़का और लड़की पिछले करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों एक ही समाज से ताल्लुक रखते थे और उनका गोत्र भी एक ही था। इसी वजह से उनके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और शादी के लिए राजी नहीं थे।"

ये भी पढ़ें-

"जजों को बदनाम करना लोकतंत्र के लिए खतरा", केजरीवाल के हलफनामे पर CBI ने जताई कड़ी आपत्ति

जिम ट्रेनर से बना फर्जी बाबा, इलाज के बदले में भक्तों से मांगता था मोटी रकम के साथ महंगी शराब और 'कबाब'