मध्यप्रदेश के सिंगरौली से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने इंसानियत को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो में एक आदिवासी युवक रहम की भीख मांगता दिखाई दे रहा है, लेकिन उसे बेरहमी से पीटा गया। हैरानी की बात ये कि मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने की बजाय हमलावर को उकसाते रहे। आरोपियों ने बैगा आदिवासी व्यक्ति को हॉकी से पीटा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आदिवासी युवक अन्नेलाल बैगा को उसकी पत्नी के सामने ही बेरहमी से पीटा गया। घटना सिंगरौली जिले के एनसीएल के निगाही कोल हैंडलिंग प्लांट के पास की बताई जा रही है, जहां युवक अपनी पत्नी के साथ जंगल में जलाऊ लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान सिक्योरिटी इंचार्ज एमडी सिंह और उसके साथियों ने दंपती को पकड़ लिया और पूछताछ के नाम पर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके ऊपर पाइप चोरी का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया
वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे सिक्योरिटी इंचार्ज गाली-गलौज करते हुए युवक को हॉकी स्टिक से पीट रहा है। युवक जमीन पर गिर जाता है, लेकिन आरोपी उसे पीटना जारी रखता है। वह बार-बार कहता है— “पैर पड़ रहा हूं, मत मारो” लेकिन आसपास खड़े लोग इंसानियत भूलकर आरोपी को उकसाते हैं—“सिर छोड़, बाकी सब तोड़ दो” वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। नवानगर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सिक्योरिटी इंचार्ज समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पीड़ित के घर पहुंचीं राज्य मंत्री
नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि वीडियो के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह पीड़ित के घर पहुंचीं और इलाज में किसी भी तरह की कमी न होने के निर्देश दिए।
(सिंगरौली से देवेंद्र पाण्डेय की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
Indore-Pithampur Economic Corridor: 'करोड़पति हुए किसान', सीएम मोहन यादव बोले- भाग्योदय का शंखनाद है यह इकोनॉमिक कॉरिडोर
नशे में धुत पुलिसकर्मी ने ही ड्यूटी पर तैनात दो सिपाहियों को कार से मार दी टक्कर, 3 लोग हो गए घायल; जानें पूरा मामला