1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. स्टूडेंट्स बोले- “सरजी खेत में जाकर दारू पीते हैं”, नशे में धुत जमीन पर लेटे पाए गए टीचर; देखें वीडियो

स्टूडेंट्स बोले- “सरजी खेत में जाकर दारू पीते हैं”, नशे में धुत जमीन पर लेटे पाए गए टीचर; देखें वीडियो

मध्य प्रदेश के सीधी में एक टीचर शराब के नशे में धुत स्कूल में सोता पाया गया। बच्चों का कहना है कि टीचर खेत में जाकर शराब पीते हैं।

नशे में धुत टीचर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER नशे में धुत टीचर

सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिमारी स्थित प्राथमिक विद्यालय से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ शिक्षक अवध सिंह का शराब के नशे में स्कूल परिसर में लेटे होने का वीडियो मंगलवार सुबह करीब 10 बजे से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में शिक्षक की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

बताया जा रहा है कि वीडियो में शिक्षक स्कूल परिसर में नशे की हालत में लेटे नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर शराब पीते हैं और इसका असर विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

स्कूल में सिर्फ 30 बच्चे, शिक्षक नशे में धुत

वीडियो में मौजूद बच्चों से जब शिक्षक के शराब पीने को लेकर सवाल किया गया तो बच्चों ने कथित तौर पर बताया कि “सरजी बेउहर के खेत में जाकर दारू पीते हैं।” बच्चों का यह भी कहना है कि शिक्षक रोजाना वहां शराब पीते हैं और बाद में स्कूल में आकर सो जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में करीब 30 बच्चे दर्ज हैं, लेकिन शिक्षक की कथित लापरवाही के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह का आरोप है कि विद्यालय में एक अतिथि शिक्षक के साथ अवध सिंह ही एकमात्र नियमित शिक्षक हैं। उनका कहना है कि शिक्षक के इस रवैये के कारण बच्चे स्कूल आने में रुचि नहीं लेते। ग्रामीण ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक किसी अधिकारी या कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच नहीं की है।

यहां देखें वीडियो

शिक्षक के खिलाफ एक्शन की मांग

मामले को लेकर जिला प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि वह हर जगह व्यक्तिगत रूप से नहीं जा सकते और केवल वीडियो वायरल होने के आधार पर किसी को तत्काल निलंबित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वैधानिक प्रक्रिया के तहत आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में वीडियो वायरल होने के बाद एक कर्मचारी को निलंबित किया गया था। अब ग्रामीणों और अभिभावकों की मांग है कि वायरल वीडियो की जांच कर शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाए। इससे पहले सीधी के पंचायत क्षेत्र के ग्राम डिहुली नंबर-4 स्थित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल को भी शराब के नशे में धुत पाया गया था।

रिपोर्टः मनोज शुक्ला

ये भी पढ़ेंः इंदौर के गोराकुंड में फूटी पानी की पाइपलाइन, 40 करोड़ की स्मार्ट सिटी सड़क धंसी

भिंड में सड़क पर बैठी गाय को बचाने के चक्कर में 8 लोगों की मौत, 22 घायल; एक्सीडेंट में वाहन के उड़े परखच्चे