भोपाल: ट्विशा शर्मा की मौत के बाद आई उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने मामले को और उलझा दिया है। इस मामले में आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में संकेत मिला है कि ट्विशा ने कथित तौर पर जिमनास्टिक बेल्ट से फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। उसका शव छत पर लगे जिमनास्टिक बेल्ट से लगा मिला था। वहीं, ट्विशा के परिवार ने भोपाल जिला अदालत में ट्विशा के दूसरे पोस्टमॉर्टम के लिए आवेदन दायर किया है। इस हत्याकांड पर एसीपी रजनीश कश्यप ने कहा, "लुकआउट नोटिस के संबंध में डीसीपी कार्यालय, भोपाल कमिश्नरेट और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से आवश्यक पत्राचार शुरू कर दिया गया है। यह प्रक्रिया वर्तमान में जारी है और जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी... आरोपियों को पकड़ने के लिए हमारी एसआईटी टीम स्थानीय स्तर पर तैनात टीमों के साथ सक्रिय रूप से लगी हुई है। हम तकनीकी माध्यमों के साथ-साथ मानवीय स्रोतों से भी जानकारी जुटा रहे हैं... डीसीपी ने इनाम की घोषणा भी की है..."
आत्महत्या में इस्तेमाल हुई बेल्ट की रिपोर्ट सामने आई
भोपाल के चर्चित ट्विशा सुसाइड केस में अब आत्महत्या में इस्तेमाल हुई बेल्ट की रिपोर्ट सामने आ गई है और रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि जिस बेल्ट को पुलिस ने जांच के लिए भेजा था, उसी बेल्ट का इस्तेमाल कर ट्विशा ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी। लिगेचर रिपोर्ट में भी ट्विशा की मौत को आत्महत्या बताया गया है। जानकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम के समय फंदे में इस्तेमाल हुआ बेल्ट मौजूद नहीं था। पुलिस ने यह बेल्ट दो दिन पहले जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराया था, जिसके बाद उसकी रिपोर्ट सामने आई है।
बहन ने ट्विशा शर्मा की सास के आरोपों पर क्या कहा, जानें
ट्विशा शर्मा की बहन मीनाक्षी ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह की तरफ से लगाए सारे आरोपों को निराधार बताया और कहा, मेरी बहन ड्रग्स नहीं लेती थी, ना ही उसे कोई मानसिक बीमारी थी। अभी कुछ दिनों पहले ही वह अपने भाई की शादी में नोएडा आई थी। मीनाक्षी ने कहा - जानबूझकर ट्वीशा के अकाउंट में पैसे डाले गए और फिर निकाल लिए गए ताकि उसे आधार बनाया जा सके। सीसीटीवी फुटेज में भी ट्विशा बिल्कुल सामान्य रूप से टेरेस पर हाथ में हेडफोन लिए जाते दिख रही है। समर्थ सिंह बेहद घमंडी था और अपने आप को बहुत रसूखदार समझता था। अब हम लोग चाहते हैं कि ट्विशा की सेकंड पोस्टमार्टम की परमिशन मिले।