1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में 254 ग्राम MD ड्रग्स बरामद, मध्य प्रदेश पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार

इंदौर में 254 ग्राम MD ड्रग्स बरामद, मध्य प्रदेश पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 254 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई है। आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

इंदौर ड्रग्स मामले में दो आरोपी गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : ANI इंदौर ड्रग्स मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश: एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इंदौर क्राइम ब्रांच ने शहर के सुपर कॉरिडोर इलाके के पास दो लोगों को 254 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पता चला था कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर शहर आया है ताकि उसे किसी को सप्लाई कर सके। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ लिया। इससे पहले खबर आई थी कि पुलिस की टीम मुंबई से इंदौर तक फैले ड्रग नेटवर्क के कनेक्शन को खंगाल रही है।

254 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त (DCP, क्राइम ब्रांच) राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा, 'मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस कमिश्नर लगातार क्राइम ब्रांच को अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ युद्ध स्तर पर कार्रवाई करने का निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में कल मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान समीर खान और उसके ससुर जाकिर हुसैन के रूप में हुई है। उनके पास से कुल 254 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 25.4 लाख रुपये है।'

कर्ज उतारने के लिए चुना अवैध धंधा

शुरुआती पूछताछ में पता चला कि 8वीं कक्षा तक पढ़े समीर खान का लहसुन खरीदने-बेचने का काम है। उसके खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है। डीसीपी ने बताया वहीं 12वीं तक पढ़े जाकिर हुसैन का टोस्ट का स्टॉल है। अधिकारी ने कहा, 'पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि समीर के पिता की बाईपास सर्जरी हुई थी, जिससे परिवार पर कर्ज का बोझ आ गया। कर्ज चुकाने के लिए वह नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करने लगा। त्योहारों के सीजन में नशीले पदार्थों की मांग बढ़ने की उम्मीद में आरोपी इन्हें इंदौर लेकर आए थे।'

कहां का है आरोपी

दोनों आरोपी मंदसौर के रहने वाले हैं। आगे की पूछताछ के लिए उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि उन्होंने ये नशीले पदार्थ कहां से खरीदे थे। डीसीपी त्रिपाठी ने आगे कहा कि जो लोग इन नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल पाए जाएंगे, उन्हें भी इस मामले में आरोपी बनाया जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

(Input - ANI)

ये भी पढ़ें - इंदौर में ड्रग्स का बड़ा खेल बेनकाब, 29 लाख की कोकीन के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार