A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 12 बदमाशों ने पेट्रोल डालकर जलाया हिस्ट्रीशीटर का घर, आग लगाने वाले भी 2 झुलसे; CCTV फुटेज आया सामने

12 बदमाशों ने पेट्रोल डालकर जलाया हिस्ट्रीशीटर का घर, आग लगाने वाले भी 2 झुलसे; CCTV फुटेज आया सामने

उज्जैन में करीब एक दर्जन बदमाशों ने एक हिस्ट्रीशीटर के घर को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। बदमाशों के हाथों में खुलेआम चाकू और अन्य घातक हथियार हैं।

पेट्रोल डालकर जलाया घर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पेट्रोल डालकर जलाया घर

मध्य प्रदेश के उज्जैन में बदमाशों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। शहर के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के ढांचा भवन इलाके में 11 अप्रैल की रात गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां आपसी रंजिश के चलते करीब एक दर्जन बदमाशों ने एक हिस्ट्रीशीटर के घर को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। सोमवार को इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।

हिस्ट्रीशीटर के घर को फूंका

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आधी रात को करीब 12 से ज्यादा बदमाश हथियारों से लैस होकर हिस्ट्रीशीटर रौनक गुर्जर के घर पहुंचे थे। बदमाशों के हाथों में खुलेआम चाकू और अन्य घातक हथियार हैं। कुछ ही दूर उनके साथी दोपहिया वाहनों पर बैठे हैं। मकान के सामने खड़े एक बदमाश ने बोतल में भरा पेट्रोल मकान पर डाला। दूसरे ने चिंगारी दिखाई। पलक झपकते ही मकान जल उठा।

आग की चपेट में आए दो बदमाश

जैसे ही दूसरे बदमाश ने माचिस से आग लगाई, पेट्रोल के कारण लपटें इतनी तेज उठीं कि आग लगाने वाले दो बदमाश खुद भी उसकी चपेट में आकर झुलस गए। चिमनगंज मंडी थाने के टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि CCTV फुटेज देखने के बाद आरोपियों की पहचान कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, मकान को आग लगाने पहुंचे 12 से ज्यादा बदमाश यशवेंद्र उर्फ छम्बू बुंदेला के गिरोह के सदस्य हैं। पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने ये काम किया। रौनक गुर्जर पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

(रिपोर्ट- प्रेम डोडिया)

ये भी पढ़ें-

इस्तीफे से पहले एक्शन में CM नीतीश कुमार, पटना-बेतिया एक्सप्रेस-वे का किया निरीक्षण; देखें VIDEO

हिंदू नाबालिग को मुस्लिम युवक ने बहला-फुसलाकर भगाया, शादी के बाद संदिग्ध हालात में मिली लाश