1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ग्रामीण को लड्डू नहीं दिया तो कर दी मुख्यमंत्री से शिकायत, नाराज शख्स को मनाने के लिए ग्राम पंचायत ने किया ये काम

ग्रामीण को लड्डू नहीं दिया तो कर दी मुख्यमंत्री से शिकायत, नाराज शख्स को मनाने के लिए ग्राम पंचायत ने किया ये काम

मध्य प्रदेश के भिंड ज़िले में एक ग्रामीण ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर एक अनोखी शिकायत दर्ज कराई। शख्स ने अपनी शिकायत में कहा कि पंचायत द्वारा ग्रामवासियों को लड्डू नहीं दिया जा रहा है।

शिकायतकर्ता कमलेश बाबा - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शिकायतकर्ता कमलेश बाबा

भिंडः मध्य प्रदेश के भिंड जिले से सीएम हेल्पलाइन पर एक अजीबोगरीब शिकायत का मामला सामने आया है। स्वतंत्रता दिवस पर पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दो लड्डू नहीं मिलने पर नाराज ग्रामीण ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी। अब सचिव द्वारा किसान को लड्डू देकर शिकायत बंद कराने की बात कही जा रही है।

15 अगस्त को पंचायत भवन में बंटा था लड्डू

दरअसल, रौन थाना क्षेत्र के नोधा गांव में 15 अगस्त को पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें कार्यक्रम के बाद लड्डुओं का वितरण भी पंचायत की तरफ से हुआ था। लेकिन लोगों की संख्या ज्यादा हो गई और लड्डू कम पड़ गए। इसके बाद दो की जगह एक-एक लड्डू बांटने का निर्णय लिया गया। 

ग्राम पंचायत का दावा, दो लड्डू मांगा लेकिन एक दिया गया

ऐसे में ग्रामीण कमलेश बाबा को भी एक लड्डू दिया गया लेकिन कमलेश ने लड्डू बांट रहे शख्स को दो लड्डू देने की मांग की। लड्डू बांट रहे शख्स ने भृत्य ने कम लड्डू होने का हवाला देते हुए एक और लड्डू देने से इनकार कर दिया। यह बात कमलेश को नागवार गुजरी और उसने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज करवा दी। जब सीएम हेल्पलाइन से शिकायत पंचायत सचिव रविंद्र श्रीवास्तव के पास पहुंची तो उन्होंने लड्डू मंगाकर कमलेश को देने की बात कही।

Image Source : reporter inputग्रामीण की शिकायत

शिकायतकर्ता का दावा- एक भी लड्डू नहीं मिला

वहीं शिकायतकर्ता कमलेश बाबा का कहना है कि यह शिकायत केवल लड्डुओं के लिए नहीं बल्कि पंचायत में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर की थी। उन्होंने कहा कि पंचायत में जब भी ग्राम सभा होती है तो उसमें किसी को बुलाया नहीं जाता है और जो चीज बंटने के लिए आती है उसको बांटा नहीं जाता। उन्होंने कहा कि पंचायत में भ्रष्टाचार व्याप्त है ऐसे में उसकी पूरी जांच होना चाहिए। वहीं 15 अगस्त को लड्डू न मिलने की बात पर उन्होंने कहा कि अपने लोगों को ही बुलाकर उनके बीच ही लड्डू बांट दिए गए और उनको एक भी लड्डू नहीं दिया गया। एक लड्डू दिए जाने की बात भी गलत फैलाई जा रही है।

वहीं पंचायत सचिव रवींद्र श्रीवास्तव का कहना है कि ध्वजारोहण में कमलेश बाबा भी सम्मिलित हुए थे। कार्यक्रम के बाद जब लड्डू वितरण किया गया तो कमलेश बाबा द्वारा दो लड्डुओं की मांग की गई। लेकिन एक लड्डू दिए जाने से वह नाराज हो गए और उन्होंने शिकायत कर दी।

(भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट)