1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मनचले की धुनाई कर चर्चा में आईं 'वफल वाली' बहनें, दबंग बहनों की दिलेरी के मुरीद हुए अधिकारी, मिलने पहुंचे कलेक्टर और SP

मनचले की धुनाई कर चर्चा में आईं 'वफल वाली' बहनें, दबंग बहनों की दिलेरी के मुरीद हुए अधिकारी, मिलने पहुंचे कलेक्टर और SP

मध्य प्रदेश के गुना से एक मामला सामने आया, जिसमें 5 वफल बेचने वाली लड़कियों ने मनचले की धुनाई कर दी। इन मरदानी लड़कियों की खूब तारीफ हो रही है और कलेक्टर और एसपी दोनों से मिलने पहुंचे हैं।

waffle wali behne- India TV Hindi
Image Source : WAFFLE_WALI8085/INSTAGRAM वफल वाली' बहनें।

शहर में महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकीं ‘वफल वाली’ बहनों के साहस और आत्मनिर्भरता की बुधवार को जिला प्रशासन ने खुलकर सराहना की। हाल ही में एक मनचले को सबक सिखाकर चर्चा में आईं चार बहनों के वफल काउंटर पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने बहनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। एबी रोड स्थित संजय स्टेडियम के पास अपनी मां के साथ वफल काउंटर संचालित करने वाली इन बहनों ने अपने पिता के निधन के बाद संघर्षों के बीच आत्मनिर्भर बनने का रास्ता चुना। 

संघर्ष से सफलता और मनचले को सिखाया सबक

मेहनत और हौसले के दम पर उन्होंने शहर में ‘वफल वाली’ के नाम से अपनी अलग पहचान बनाई है। शाम से देर रात तक चलने वाले इस काउंटर पर वे स्वयं ग्राहकों को सेवा देती हैं और परिवार का सहारा बनी हुई हैं। गत दिनों उनके काउंटर के पीछे स्थित पार्क में एक मनचले द्वारा एक बच्ची का पीछा करने और उसके साथ अभद्र हरकत करने का मामला सामने आया था। डरी हुई बच्ची जब रोते हुए वफल काउंटर पर पहुंची तो बहनों ने उससे पूरी बात जानी। विरोध करने पर आरोपी ने बहनों के साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद बहनों ने हिम्मत दिखाते हुए मनचले को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बाद में इस संबंध में कैंट थाने में शिकायती आवेदन भी दिया गया।

यहां देखें वीडियो

कलेक्टर और एसपी ने दिया सुरक्षा का कड़ा भरोसा

मामले ने तूल पकड़ा तो प्रशासन ने भी गंभीरता दिखाई। बुधवार को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी हितिका वासल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी सीधे वफल काउंटर पर पहुंचे। अधिकारियों ने बहनों की दिलेरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं और युवतियों को आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, धमकी या उत्पीडऩ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बनीं चारों बहनें

अधिकारियों ने कहा कि चारों बहनों ने कठिन परिस्थितियों में जिस तरह अपना व्यवसाय खड़ा किया है, वह अन्य लड़कियों और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। प्रशासन का यह दौरा न केवल बहनों के लिए संबल बना, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि आत्मनिर्भर बेटियों के साथ पूरा प्रशासन मजबूती से खड़ा है।

रिपोर्ट: रितेश सिंह राजपूत

ये भी पढ़ें: 'जो आत्महत्या करता है, वो प्रेत-पिशाच बनकर घूमता है', संचिता उगाले की मौत पर क्या बोले रवि किशन, वीडियो खींच रहा ध्यान