A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. गुटखा के लिए पैसे नहीं मिले तो महिला ने किया सुसाइड, तीन बच्चों को भी खिलाया जहर

गुटखा के लिए पैसे नहीं मिले तो महिला ने किया सुसाइड, तीन बच्चों को भी खिलाया जहर

सतना से सटे चित्रकूट जिले में एक महिला ने अपने तीन बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी जहर खा लिया। इस घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला की भी जान चली गई। जानकारी के मुताबिक गुटखा खाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर महिला ने यह कदम उठाया।

परिवार के तीन लोगों की मौत।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT परिवार के तीन लोगों की मौत।

सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले से सटे यूपी के चित्रकूट जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां चित्रकूट जिले के इटवां डुडैला गांव में एक महिला ने अपने बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक यह पूरा विवाद गुटखा खाने को लेकर शुरू हुआ। देखते ही देखते पति-पत्नी के बीच शुरू हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पत्नी ने अपने तीन बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी जहर खा लिया। इस घटना में मां और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।

गुटखा खाने के लिए नहीं मिला पैसा

जानकारी के अनुसार, यूपी के चित्रकूट जिले के इटवां डुडैला का पूरा मामला है। यहां की रहने वाली ज्योति यादव (25) ने अपने पति बबलू यादव से गुटखा खाने के लिए पैसे मांगे। इस बात को लेकर दोनों के बीच दोपहर में तीखी कहासुनी हो गई। पति-पत्नी के बीच इतना ज्यादा विवाद बढ़ गया कि गुस्से में आकर ज्योति ने अपने तीन बच्चों को जहर खिला दिया। इसमें उसका पांच साल का बेटा, चार साल की बेटी और एक साल की एक बेटी शामिल थी। तीनों को जहर खिलाने के बाद महिला ने गुस्से में खुद भी जहर खा लिया। 

परिवार के तीन लोगों की मौत

वहीं चारों के जहर खाने की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने घटना के बाद सभी को तत्काल मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यहां से गंभीर हालत को देखते हुए सभी को सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं सतना जिला अस्पताल में उपचार के दौरान ज्योति और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। इसके अलाावा पांच साल के बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है। फिलहाल एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से मातम का माहौल बना हुआ है। (इनपुट- अमित त्रिपाठी)