रीवा: जिले के रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने भावुक वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने वीडियो में अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रहने का दर्द बयां करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, चंदन पारसी नामक युवक ने सोमवार को सुसाइड कर लिया। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कहा कि वह अपने बच्चों से मिलने के लिए तरस गया है और पिछले चार दिनों से खाना तक नहीं खाया। युवक ने आरोप लगाया कि जब भी वह अपनी पत्नी और बच्चों को मनाने जाता था, तो उसे धमकियां दी जाती थीं।
वीडियो में युवक ने भावुक होकर कहा कि पत्नी और बच्चों के बिना जीवन बेहद कष्टदायक है और अब वह इस पीड़ा को सहन नहीं कर पा रहा है। उसने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया और कार्रवाई की मांग भी की।
6 साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि चंदन की शादी करीब 6 साल पहले कंचन पारसी से हुई थी। शादी के बाद से ही दांपत्य जीवन में विवाद की स्थिति बनी रही। चंदन मूल रूप से चित्रकूट का रहने वाला था और रीवा में अपनी मां के साथ रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी अपने मायके रायपुर में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष युवक को उसकी पत्नी और बच्चों से मिलने नहीं देता था और उस पर झूठे आरोप लगाए जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
मामले में थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने बताया कि युवक का शव सीतापुर मोड़ के पास मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जाएगी।
रिपोर्ट- अशोक मिश्रा