1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. आत्महत्या करने चम्बल नदी के पुल पर लटका युवक, MP-UP पुलिस की समझाइश से बदला इरादा, बची जान

आत्महत्या करने चम्बल नदी के पुल पर लटका युवक, MP-UP पुलिस की समझाइश से बदला इरादा, बची जान

प्रेम विवाह के विवाद से परेशान एक युवक चंबल नदी के पुल पर आत्महत्या के इरादे से लटक गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से बातचीत कर न्याय का भरोसा दिलाया और फिर उसे 10 मिनट में सुरक्षित पुल से नीचे उतार लिया।

mp news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सुसाइड के इरादे से पुल पर लगी सुरक्षा जाली के दूसरी तरफ लटका शख्स।

मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र से उत्तर प्रदेश के जैतपुर को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल पर एक युवक आत्महत्या करने के इरादे से पुल पर लगी सुरक्षा जाली के दूसरी तरफ लटक गया। सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश दोनों ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को काफी देर तक समझाईश दी। लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद युवक ने आत्महत्या का इरादा बदला और वापस आ गया। इसके बाद युवक को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा अपने साथ ले जाया गया और उसकी काउंसलिंग की गई।

क्या है मामला?

दरअसल अटेर थाना क्षेत्र के सुरपुरा गांव का रहने वाला युवक गोलू का उत्तरप्रदेश की रहने वाली युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले युवक अपनी प्रेमिका को लेकर चला गया था। जिसके बाद परिजनों द्वारा थाने में शिकायत की गई। बाद में पुलिस ने युवक एवं युवती को बरामद कर लिया और युवक को अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक के जेल में रहने के दौरान ही युवती ने एक बालिका को जन्म दिया। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद युवक उत्तरप्रदेश के खैरा राठौर थाना क्षेत्र में स्थित लड़की के घर पहुंचा और बच्ची को अपने साथ रखने की मांग करने लगा। लेकिन लड़की के परिजनों ने बात नहीं मानी। जिसके बाद गुस्साए युवक ने आत्महत्या के इरादे से जैतपुर एव अटेर के बीच चम्बल नदी पर निर्माणाधीन पुल के बीचों बीच पहुंचकर जाली के दूसरी तरफ लटककर आत्महत्या करने की धमकी दी।

पुलिस ने संभाला मामला

युवक का इरादा भांपकर कुछ राहगीरों ने डायल-112 पर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अटेर और उत्तरप्रदेश की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने सूझबूझ, धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवक से निरंतर संवाद स्थापित कर उसे समझाना शुरू किया और उसकी समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। जिसके बाद युवक पुल से नीचे उतर आया।

पुलिस की सूझबूझ से बची जान

थाना अटेर पुलिस एवं थाना खैराराठौर जिला आगरा उ.प्र. की संयुक्त टीम के निरंतर प्रयास, आत्मीय व्यवहार और समझाइश के बाद युवक का तनाव शांत हुआ और वह सुरक्षित पुल से नीचे उतारा गया। सकुशल नीचे उतरने के बाद पुलिस द्वारा उसे प्राथमिक काउंसलिंग प्रदान की गई एवं आगे की कार्यवाही हेतु थाना प्रभारी खैरा राठौर के उप निरीक्षक गुरविन्दर सिंह के सुपुर्द किया गया।

(भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट)

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

ये भी पढ़ेंः फांसी लगाने की कोशिश, पुलिस ने लाश समझकर कमरा बंद कर दिया, 2 घंटे बाद खोला तो महिला सांस ले रही थी