A
Hindi News महाराष्ट्र बीड: केनरा बैंक में बड़ी चोरी, सेंध लगाकर अंदर घुसे चोर; साढ़े अठारह लाख रुपये लेकर फरार

बीड: केनरा बैंक में बड़ी चोरी, सेंध लगाकर अंदर घुसे चोर; साढ़े अठारह लाख रुपये लेकर फरार

पाली में केनरा बैंक में साढ़े अठारह लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने बैंक की दीवार तोड़ डाली और पैसे लूटकर फरार हो गए।

दीवार तोड़कर बैंक में घुसे चोर- India TV Hindi Image Source : REPORTER दीवार तोड़कर बैंक में घुसे चोर

बीडः बीड तहसील के पाली गांव में गुरुवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब अज्ञात चोरों ने केनरा बैंक में धावा बोलते हुए करीब साढ़े अठारह लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। यह घटना रात के अंधेरे में उस समय हुई जब पूरा इलाका गहरी नींद में था। चोरों ने बड़ी सावधानी से बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने गैस कटर की मदद से बैंक के लॉकर को तोड़ा और उसमें रखी नकदी निकालकर फरार हो गए।

बैंक की दीवार तोड़कर घुसे चोर

घटना की जानकारी मिलते ही बीड ग्रामीण पुलिस थाने के अधिकारी और स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू करते हुए बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्रों का मुआयना किया। चोरों द्वारा इस्तेमाल किए गए औज़ार, दीवार तोड़ने के निशान और उनके पैरों के ठसे जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।

बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को भेदकर हुई चोरी

प्राथमिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह चोरी किसी योजनाबद्ध गिरोह द्वारा की गई है, क्योंकि जिस तरीके से चोरों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को भेदकर वारदात को अंजाम दिया। वह अत्यंत पेशेवर अंदाज में किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जिले के सभी नाकों पर अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीणों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। यह वारदात जिले में हाल के दिनों में हुई सबसे बड़ी बैंक चोरी बताई जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

रिपोर्ट- अमिर हुसैन, बीड