मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास गुरुवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। यहां समुद्र में करीब आधे घंटे की सैर कर लौट रही अन्वरी फेरी बोट गुरुवार रात करीब 8:30 बजे खराब हो गई। ये घटना गेटवे ऑफ इंडिया से लगभग 1.5 नॉटिकल मील दूर हुई, जब अचानक बोट खराब हो गई। जानकारी के मुताबिक घटना के समय उस समय बोट में 34 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत कुल 38 लोग सवार थे। बोट खराब होने के बाद उसमें सवार लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं आनन-फानन में इसकी सूचना मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को दी गई।
बोट पर 38 लोग थे सवार
बोट के खराब होने की सूचना मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम से मिलते ही बिट नंबर-1 के पुलिसकर्मी अभिजीत शिंदे और पोलीस नाईक गुरव ने तत्काल आसपास मौजूद नावों की जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि आझाद हिंद नाम की फेरी बोट घटनास्थल के करीब थी। पुलिस ने आझाद हिंद के मालिक जुनेद मुल्ला से संपर्क कर उनकी बोट को अन्वरी की मदद के लिए भेजा। आझाद हिंद बोट मौके पर पहुंची और खराब अन्वरी फेरी बोट को खींचकर रात 9:10 बजे गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी नंबर-2 पर सुरक्षित ले आई। बोट में सवार सभी यात्रियों को रेस्क्यू किया गया। फिलहाल 34 यात्री और 4 क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।
इससे पहले हाल ही में साइप्रस के पास एक बोट के डूब जाने से 8 लोगों की मौत हो गई थी। इस बोट में 270 लोग सवार थे। ये घटना साइप्रेस के उत्तरी हिस्से में हुई। एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम की वजह से बोट में पानी भरने लगी। बोट के चलने के 15 मिनट बाद ही उसमें पानी भरने लगा। हालांकि अधिकारियों ने कुछ ही देर बाद मदद के लिए कॉल किया गया। इसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इसके बावजूद 8 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फेरी के कैप्टन समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया। इस हादसे पर तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने शोक व्यक्त किया और कहा कि उनकी सरकार खोज और बचाव अभियान में उत्तरी साइप्रस के साथ मिलकर काम कर रही है। एर्दोगन ने अंकारा में तुर्की मिलिट्री अकादमी के ग्रेजुएशन समारोह में बोलते हुए कहा, "हमें उम्मीद है कि हमें अच्छी खबर मिलेगी।"
यह भी पढ़ें-
तेलंगाना कांग्रेस में विवाद, सीएम रेवंत रेड्डी ने कोंडा सुरेखा को मंत्रिमंडल से हटाया, बेटी का बयान बना वजह