1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पिता-पुत्र पर भालू ने कर दिया हमला, सामने आया VIDEO, मुश्किल से बची जान

पिता-पुत्र पर भालू ने कर दिया हमला, सामने आया VIDEO, मुश्किल से बची जान

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक पिता-पुत्र ने भालू पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भालू एक शख्स को जकड़े हुए है और ग्रामीण भालू को भगाने की कोशिश कर रहे हैं।

bear- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शख्स को अपने पंजे में जकड़े हुए भालू

चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चंद्रपुर से सटे जुनोना गांव में शनिवार की सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई। जंगल परिसर में पत्ते तोड़ने गए पिता-पुत्र पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। इस दिल दहला देने वाले हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भालू शख्स को अपने पंजों में जकड़े हुए है और लगातार हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है।

क्या है पूरा मामला? 

जानकारी के मुताबिक, जुनोना गांव निवासी अरुण कुकसे अपने बेटे विजय के साथ जंगल में पत्ते तोड़ने गए थे। अचानक झाड़ियों से निकले भालू ने सबसे पहले अरुण पर हमला कर दिया। पिता को बचाने गए विजय पर भी भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

विजय ने बताया कि भालू ने जैसे ही पिता पर हमला किया तब उसने डंडे से भालू पर हमला कर दिया लेकिन भालू ने उस पर भी हमला कर दिया और उसके बाद क्या हुआ उसे पता नहीं है। इस घटना के दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और लाठी-डंडों व पत्थरों से भालू को भगाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक भालू ने हमला करना नहीं छोड़ा।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ग्रामीण पूरी ताकत से भालू पर वार कर रहे हैं फिर भी भालू अरुण को अपने पंजों में जकड़े रहा। आखिर में ग्रामीणों के प्रयासों के बाद भालू अधमरी हालत में अरुण को छोड़कर जंगल में भाग गया। 

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को चंद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पिता अरुण की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है, वहीं बेटे विजय की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। (इनपुट: चंद्रपुर से मिलिंद दिंन्डेवार)