1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सैफ अली खान पर हमले के आरोपी ने कोर्ट में डाली जमानत याचिका, मनगढ़ंत आरोप लगाने का दावा

सैफ अली खान पर हमले के आरोपी ने कोर्ट में डाली जमानत याचिका, मनगढ़ंत आरोप लगाने का दावा

एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी ने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। इस याचिका में आरोपी का कहना है कि उसके खिलाफ मनगढ़ंत एफआईआर दर्ज कराई गई है।

आरोपी ने मुंबई सत्र न्यायालय में दायर की याचिका।- India TV Hindi
Image Source : FILE आरोपी ने मुंबई सत्र न्यायालय में दायर की याचिका।

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद ने मुंबई सत्र न्यायालय में जमानत याचिका दायर की है। अपने वकील के माध्यम से दायर याचिका में उसने दावा किया है कि उसने कोई अपराध नहीं किया है और उसके खिलाफ मामला मनगढ़ंत है। हालांकि पुलिस के पास पहले से ही सारे सबूत मौजूद हैं। पुलिस ने इस मामले में सभी लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। बता दें कि अभिनेता सैफ अली खान पर आरोपी ने चाकू से हमला किया था। उनके मुंबई स्थित फ्लैट पर ये हमला किया गया।

गलत FIR बनाने का दावा

दरअसल, सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी ने मुंबई की सत्र न्यायालय में जमानत याचिका दायर की है। आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद के वकील ने यह याचिका दायर की है। मुंबई सत्र न्यायालय में दायर की गई याचिका में कहा गया है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज की गई FIR गलत तरीके से बनाई गई है। आरोपी शरीफुल इस्लाम ने पुलिस की जांच में पूरा सहयोग किया है। पुलिस के पास सारे सबूत पहले से मौजूद हैं और आरोपी किसी भी प्रकार से केस में कोई भी छेड़छाड़ नहीं कर सकता। 

बांद्रा कोर्ट में चल रहा केस

फिलहाल यह केस बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रहा है, लेकिन मुंबई के सत्र न्यायालय के कार्यक्षेत्र में आता है। जब पुलिस इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर देगी, उसके बाद यह केस सत्र न्यायालय में ट्रांसफर हो जाएगा। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं की है।

सैफ पर फ्लैट में हुआ था हमला

बता दें कि 16 जनवरी को मुंबई स्थित सैफ के फ्लैट में आरोपी शरीफुल इस्लाम लूटपाट के इरादे से घुसा था। इस दौरान उसने अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से कई बार हमला किया था। आरोपी के हमले से एक्टर को गंभीर चोटें भी आई थीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। आरोपी को बाद में ठाणे जिले से गिरफ्तार किया गया था।

यह भी पढ़ें- 

मालदा में दो गुटों के बीच हिंसा के बाद इंटरनेट बंद, कुल 34 लोग गिरफ्तार

म्यांमार में तबाही के बीच भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, भेजी 15 टन राहत सामग्री