मुंबई: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे द्वारा आत्महत्या करने के बाद IIT प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। अब IIT प्रशासन ने हॉस्टल के सभी कमरों से सीलिंग फैन हटाकर वॉल माउंटेड फैन लगाने का निर्णय लिया है। नए वॉल माउंटेड फैन्स, हॉस्टल के कमरों में लगाने की शुरुआत हो चुकी है। बता दें कि साहिल वाकोडे ने हॉस्टल नंबर 4 में सीलिंग फैन से लटककर आत्महत्या की थी। इस मामले की पूरे देश में चर्चा हो रही है और आईआईटी बॉम्बे ने इस मामले में छात्रों की मांगों को मानते हुए सख्त एक्शन भी लिया है।
इसी मामले में एक दूसरी खबर ये भी सामने आई है कि साहिल वाकोडे की मौत की जांच में अब CCTV फुटेज अहम कड़ी बनकर सामने आया है। साहिल की गतिविधियां CCTV में रिकॉर्ड हुई हैं।
अब CCTV फुटेज अहम कड़ी बनकर सामने आया
IIT बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे की मौत की जांच में अब CCTV फुटेज अहम कड़ी बनकर सामने आया है। क्राइम ब्रांच की टीम एग्जाम हॉल से लेकर हॉस्टल तक के CCTV फुटेज को खंगाल रही है।
सूत्रों के मुताबिक वारदात के दिन दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच परीक्षा हॉल में साहिल की गतिविधियां CCTV में रिकॉर्ड हुई हैं। पेपर खत्म होने में करीब 15 मिनट बाकी थे तभी फुटेज में साहिल को अपनी जेब में रखी किसी चीज को देखने के लिए झुकते हुए देखा गया। इसके बाद प्रोफेसर उससे सवाल करते हैं और उसे दूसरे छात्रों से अलग एक तरफ ले जाते हैं।
परीक्षा हॉल से बाहर आने के बाद साहिल कैंपस में जाता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद करीब 1:25 बजे वह हॉस्टल के अपने कमरे में प्रवेश करता हुआ CCTV में कैद हुआ। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद साहिल कमरे से बाहर नहीं निकला।
बाद में साहिल के कमरे में उसकी मौत की जानकारी सामने आई। अब क्राइम ब्रांच एग्जाम हॉल, कैंपस और हॉस्टल के CCTV फुटेज को आपस में जोड़कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी समझने की कोशिश कर रही है।
सोमवार को क्या हुआ था?
सोमवार (21 सितंबर) को भी IIT बॉम्बे में छात्र के सुसाइड मामले में बड़ी कार्रवाई हुई थी और Dean of Student Affairs के पद से प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला को हटा दिया गया था। साहिल वाकोडे के पिता की शिकायत के आधार पर भी बड़ा एक्शन हुआ था और IIT बॉम्बे के प्रोफेसर और परीक्षा के दौरान इनविजिलेटर रहे सूर्यनारायण दुल्ला के खिलाफ मुंबई पुलिस ने FIR दर्ज की थी।
ये भी पढ़ें-
IIT बॉम्बे सुसाइड केस में मांगें मनवाने के बाद छात्रों का रवैया हुआ नरम, फिलहाल डायरेक्टर शिरीष केदारे नहीं देंगे इस्तीफा