1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में 470 लीटर नकली दूध जब्त, छत्रपति संभाजी नगर में भी नकली दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; मिलाते थे गंदा पानी

मुंबई में 470 लीटर नकली दूध जब्त, छत्रपति संभाजी नगर में भी नकली दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; मिलाते थे गंदा पानी

महाराष्ट्र के मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर में नकली दूध के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। क्राइम ब्रांच और एफडीए की टीम ने मुंबई के दहिसर इलाके में 470 लीटर नकली दूध बरामद किया है। इसके अलावा छत्रपति संभाजीनगर में 496 किलोग्राम पाउडर के आधार पर मिलावटी दूध बनाने का खुलासा हुआ है।

मिलावटी दूध के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मिलावटी दूध के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई।

मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और बृहन्मुंबई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की। इसके तहत दहिसर (पूर्व) इलाके में मिलावटी दूध बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने दहिसर (पूर्व) स्थित राजेश कंपाउंड के पास दुबे चॉल नंबर-2 के कमरा बी-3 पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 470 लीटर दूध बरामद किया गया, जिसे कथित तौर पर अमूल ताजा, अमूल गोल्ड, अमूल बफेलो और गोकुल जैसे नामी ब्रांडों के असली पैकेटों से निकालकर मिलावटी बनाया गया था। 

इसके अलावा 327 नकली/खाली ब्रांडेड दूध के पैकेट, पैकेटों से छेड़छाड़ कर दोबारा सील करने वाले उपकरण तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 39,750 रुपये बताई गई है। वहीं लगभग 29,750 रुपये मूल्य का मिलावटी दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। 

पैकेट से दूध निकालकर मिलाते थे गंदा पानी

पुलिस के अनुसार, आरोपी असली कंपनी के दूध के पैकेटों से दूध निकालकर उसमें गंदा पानी मिलाता था। इसके बाद आग की सहायता से पैकेटों को दोबारा सील कर उन्हें असली उत्पाद बताकर बाजार में बेचता था। पुलिस का कहना है कि यह मिलावटी दूध लोगों, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 कर रही है। यह पूरी कार्रवाई मुंबई पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई। गिरफ्तार आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।

छत्रपति संभाजीनगर में 496 किलो नकली दूध जब्त

इसके अलावा छत्रपति संभाजीनगर जिले में भी नकली दूध के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां फुलंब्री स्थित सिद्धेश्वर दूध डेयरी, रेणुका पेट्रोल पंप के पास, पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान कुल 496 किलोग्राम गोवर्धन व्हे परमिएट पाउडर (Govardhan Whey Permeate Powder) और म्लेकपोल व्हे परमिएट पाउडर (Mlekpol Whey Permeate Powder) के आधार पर मिलावटी दूध तैयार कर बेचने के संदेह में भेसलयुक्त (मिलावटी) दूध और पाउडर जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही, संबंधित दो प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। इस मामले में और अधिक जानकारी इकट्ठा की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

आज BJP ज्वाइन करते ही TMC के तीनों बागी सांसदों को मिला इनाम, बनाए गए राज्यसभा उम्मीदवार