1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: सभी बड़े अधिकारियों की छुट्टियां कैंसिल, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट

महाराष्ट्र: सभी बड़े अधिकारियों की छुट्टियां कैंसिल, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट

महाराष्ट्र में स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं। पाकिस्तान की तरफ से लगातार हवाई हमलों की कोशिश हो रही है। ऐसे में एहतियातन यह फैसला लिया गया है।

Disaster management officials- India TV Hindi
Image Source : PTI ट्रेनिंग कराते आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी

भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई हमलों के चलते महाराष्ट्र में सभी बड़े अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। खासकर स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभाग के सभी अधिकारियों के छुट्टियां कैंसिल की गई हैं। अन्य विभागों में भी महत्वपूर्ण पदों पर काबिज बड़े अधिकारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं। पाकिस्तान की तरफ से लगातार हवाई हमलों की कोशिश हो रही है। ऐसे में एहतियातन यह फैसला लिया गया है। हालांकि, अब तक पाकिस्तान का कोई भी हमला सफल नहीं हुआ है। भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी मिसाइल और ड्रोन को हवा में ही मार गिराया है।

भारत के केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों से इमरजेंसी की तैयारी करने के लिए कहा है। इसी वजह से महाराष्ट्र में भी सभी अधिकारियों की छुट्टियां कैंसिल की गई हैं। सीमा से सटे राज्यों में अस्पतालों में बेड रिजर्व रखने के लिए भी कहा गया है। डॉक्टरों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं।

सीमा से सटे राज्यों में ब्लैकआउट

पाकिस्तान ने गुरुवार-शुक्रवार की रात सीमा से सटे राज्यों में जमकर मिसाइलें बरसाई थीं और ड्रोन से हमले किए थे। पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर, पंजाब, राजस्थान में हमले किए थे। गुजरात में भी कुछ ड्रोन देखे गए थे। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। इसके बाद से राजस्थान, पंजाब और सीमा से सटे अन्य राज्यों में कई इलाकों में ब्लैक आउट करने का फैसला किया गया है। पाकिस्तान ने सबसे ज्यादा हमला जैसलमेर और अमृतसर में किया था। अब इन दोनों शहरों में ब्लैकआउट रखने का फैसला किया गया है।