1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सेव पुरी खरीदने के लिए 20 मिनट तक सड़क पर रोकी BEST बस, चालक के खिलाफ शिकायत; VIDEO आया सामने

सेव पुरी खरीदने के लिए 20 मिनट तक सड़क पर रोकी BEST बस, चालक के खिलाफ शिकायत; VIDEO आया सामने

मुंबई में एक BEST बस चालक की लापरवाही की वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। बस चालक ने सेव पुरी खरीदने के लिए करीब 20 मिनट तक सड़क पर बस को रोक कर रखा।

टोकने पर भड़का बस चालक।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT टोकने पर भड़का बस चालक।

मुंबई के मुलुंड पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो एम.जी. रोड की बताई जा रही है, जो शहर के व्यततम मार्गों में से एक है। यहां एक BEST बस के चालक ने करीब 20 मिनट तक बस को बीच सड़क पर खड़ा किया। वह सेव पुरी लेने के लिए इंतजार करता रहा और करीब 20 मिनट बाद सेव पुरी मिलने के बाद वह वहां से गया। इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं BEST चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है और BEST ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

20 मिनट तक खड़ी की बस

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक मुंबई में BEST बस के एक चालक पर आरोप है, कि उसने मुलुंड पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को करीब 20 मिनट तक बस सड़क पर खड़ी रखी। उसने ऐसा इसलिए किया, ताकि वह सेव पुरी का पार्सल खरीद सके। इस वजह से इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। चालक के खिलाफ इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह घटना मुलुंड के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक एम.जी. रोड पर हुई, जो रेलवे स्टेशन और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ता है। घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

टोकने पर की अभद्रता

स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों के अनुसार, चालक ने बस सड़क के बीचों-बीच रोक दी और तब तक उसे आगे नहीं बढ़ाया, जब तक उसे सेव पुरी का पार्सल नहीं मिल गया। इस दौरान पीक आवर्स में बस के पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे सैकड़ों यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब लोगों ने चालक से उसके इस व्यवहार और ट्रैफिक बाधित करने को लेकर सवाल किया, तो उसने कथित तौर पर आक्रामक रवैया अपनाया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

वीडियो आया सामने

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति बस चालक से बीच सड़क पर बस खड़ी करने को लेकर सवाल किया। इस पर बस का ड्राइवर गुस्सा हो गया और उसने उल्टे विवाद शुरू कर दिया। हालांकि पार्सल लेने के बाद ड्राइवर वहां से चला गया। एक स्थानीय निवासी ने कहा, "लोग हैरान थे कि सिर्फ सेव पुरी खरीदने जैसी मामूली बात के लिए सार्वजनिक परिवहन की बस को करीब 20 मिनट तक सड़क पर रोके रखा गया। पहले से व्यस्त सड़क पर इससे अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा हो गई।"

यह भी पढ़ें-

जमानत पर छूटे POCSO के आरोपी ने मार डाले 6 लोग, अपने बीवी-बच्चों समेत पीड़िता और उसकी मां-नानी की ली जान, मारने से पहले नाबालिग का रेप भी किया