1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र से बड़ी खबर: CM फडणवीस, डिप्टी होंगे शिंदे और अजित, कल तीन नेता ही लेंगे शपथ

महाराष्ट्र से बड़ी खबर: CM फडणवीस, डिप्टी होंगे शिंदे और अजित, कल तीन नेता ही लेंगे शपथ

महाराष्ट्र के लिए कल का दिन अहम है। देवेंद्र फडणवीस सीएम के तौर पर तो वहीं एकनाथ शिंदे और अजित पवार डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेंगे। ये तीन नेता ही कल शपथ लेंगे।

maharashtra politics- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO महाराष्ट्र में एक सीएम, दो डिप्टी लेंगे शपथ

महाराष्ट्र में कल यानी 5 दिसंबर का दिन खास रहेगा क्योंकि महायुति गठबंधन को मिली जीत के बाद अब महाराष्ट्र के सीएम का शपथ ग्रहण होगा। शिवसेना नेता उदय सामंत ने बुधवार को कहा कि पांच दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में केवल मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे। सामंत ने कहा कि मंत्रिमंडल और विभागों के संबंध में निर्णय बाद में लिया जाएगा। सीएम के तौर पर देवेंद्र फडणवीस शपथ लेंगे और उनके साथ ही एकनाथ शिंदे और अजित पवार को भी उप-मुख्यमंत्री पद दिया जा सकता है, ये तीनों नेता कल ही शपथ लेंगे।

एक सीएम, होंगे दो डिप्टी सीएम

सूत्रों के मुताबिक कल सिर्फ तीन प्रमुख नेताओं का ही शपथ ग्रहण होगा जिसमें सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम के रूप में अजित पवार और एकनाथ शिंदे शपथ लेंगे। उससे पहले आज भाजपा की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और मुख्यमंत्री के तौर पर उनके नाम की मुहर लग गई है। अब एकनाथ शिंदे, अजित पवार को उप-मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत किया जा सकता है। इस तरह से महाराष्ट्र में पहले की ही तरह एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री होंगे। 

शिंदे को लेकर सुलझ गया पेंच

शिंदे को लेकर ये बड़ी बात है कि वे डिप्टी सीएम बनने के लिए तैयार हो गए हैं क्योंकि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे देवेंद्र फड़णवीस के डिप्टी के रूप में काम करने के लिए शायद तैयार नहीं थे। ये भी कहा जा रहा था कि विभागों के बंटवारे को लेकर भी पेंच फंस रहा था जो लगता है कि अब सुलझ गया है। इससे पहले एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे के भी डिप्टी सीएम बनने की चर्चा थी लेकिन उन्होंने इसे अफवाह करार देते हुए खुद को इस रेस से बाहर कर लिया था।