A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चाय की टपरी पर खड़े 12 लोगों को कार ने मारी जोरदार टक्कर, सामने आया CCTV फुटेज

चाय की टपरी पर खड़े 12 लोगों को कार ने मारी जोरदार टक्कर, सामने आया CCTV फुटेज

पुणे में एक कार ने सड़क किनारे खड़े 12 लोगों को टक्कर मार दी। सभी लोग चाय की टपरी पर खड़े थे। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई एक्सीडेंट की घटना।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई एक्सीडेंट की घटना।

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक कार सवार ने 12 लोगों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक चाय की टपरी पर खड़े होकर चाय पी रहे थे, तभी कार सवार ने उनके ऊपर गाड़ी चढ़ दी। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया दगया है। वहीं स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। जानकारी के मुताबिक कार सवार नशे में था। घटना का वीडियो भी सामने आया है। 

चाय पी रहे लोगों पर चढ़ाई कार

पूरा मामला, पुणे के सदाशिव पेठ इलाके का बताया जा रहा है। यहां 31 मई की शाम को नशे की हालत में कार चालक ने चाय की टपरी के पास खड़े एमपीएससी के कुछ विद्यार्थियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 12 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। वहीं कुछ अन्य को गंभीर चोटें भी आई हैं। यहां सदाशिव पेठ में भावे हाई स्कूल के पास यह घटना करीब 5:45 बजे हुई। सभी घायल एमपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र थे। इनमें से चार को फ्रैक्चर के कारण संचेती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष घायलों को पास के योगेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

वहीं घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार चालक अपनी गाड़ी मोड़ रहा होता है, लेकिन गाड़ी से वह नियंत्रण खो देता है। इसके बाद कार ने तेज रफ्तार से टपरी पर खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने कार चालक जयराम शिवाजी मुले (27) को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल वह विश्रामबाग पुलिस की हिरासत में है। बताया जा रहा है कि वह नशे में था।