1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. राखी बांधने के कुछ घंटे बाद भाई की हत्या, चिकन करी बनी खूनी विवाद की वजह, बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर किया वार

राखी बांधने के कुछ घंटे बाद भाई की हत्या, चिकन करी बनी खूनी विवाद की वजह, बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर किया वार

कुछ घंटे पहले बहनों ने दोनों भाईयों की राखी बांधी थी। इसके बाद वह चली गईं। बड़े भाई ने गुस्से में छोटे भाई के गर्दन में कुल्हाड़ी से हमला किया। उसकी गर्दन कट गई। ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई।

मृतक छोटा भाई रमेश और चिकन करी की सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT AND PIXABAY मृतक छोटा भाई रमेश और चिकन करी की सांकेतिक तस्वीर

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में रक्षाबंधन के दिन एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। चिकन करी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली यह घटना चिमूर तहसील के शंकरपुर गांव में बुधवार शाम करीब 7 बजे हुई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रमेश श्रीराम बिनकर के रूप में हुई है।

ज्यादा खून बहने से चली गई जान

जानकारी के मुताबिक, रमेश का अपने बड़े भाई जगन श्रीराम बिनकर से चिकन करी को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि जगन घर के अंदर गया और लोहे की कुल्हाड़ी लेकर बाहर आया। उसने रमेश की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण रमेश की मौके पर ही मौत हो गई।

बहनें राखी बांधकर गईं, कुछ घंटे बाद घर में मचा खूनी खेल

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन रमेश और जगन की दोनों बहनें भारती और सुलोचना नागपुर से राखी बांधने शंकरपुर पहुंची थीं। परिवार ने दोपहर में साथ बैठकर चिकन खाया और बहनों ने दोनों भाइयों को राखी बांधी। इसके बाद दोनों बहनें करीब 3:30 बजे नागपुर के लिए रवाना हो गईं।

शाम को दोनों भाइयों के बीच हुआ विवाद

बहनों के जाने के कुछ ही घंटे बाद घर का माहौल बदल गया। शाम को काम से लौटने के बाद रमेश चिकन करी खाने लगा। उसने बची हुई चिकन करी घर में रख दी। इसी बात को लेकर शाम करीब 5:30 बजे दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया।

रमेश की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला

कहासुनी के दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। इसके बाद जगन घर के भीतर गया और कुल्हाड़ी लेकर आया। उसने रमेश की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रमेश जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

दोनों भाइयों को शराब पीने की आदत, अक्सर होता था विवाद

मामले की जानकारी पुलिस को परिवार के मझले भाई ने दी। उसने बताया कि जगन और रमेश दोनों को शराब पीने की आदत थी और दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। हालांकि, बुधवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बड़े भाई ने छोटे भाई की जान ले ली।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिलिंद दिंन्डेवार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

ई-स्कूटर में लगी आग नहीं बुझा पाई नागपुर की फायर ब्रिगेड की टीम, पंप से पानी ही नहीं निकला