1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. छत्रपति संभाजीनगर में हॉस्पिटल के NICU वार्ड में भीषण आग, समय रहते बचाए गए 9 नवजात; सामने आया रेस्क्यू का वीडियो

छत्रपति संभाजीनगर में हॉस्पिटल के NICU वार्ड में भीषण आग, समय रहते बचाए गए 9 नवजात; सामने आया रेस्क्यू का वीडियो

छत्रपति संभाजीनगर में अस्पताल का NICU वार्ड आग की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी 9 नवजात बच्चों को वार्ड से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू का वीडियो सामने आ गया है।

Chhatrapati Sambhajinagar fire- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT छत्रपति संभाजीनगर में एक NICU वार्ड में लगी आग।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से बड़ी खबर आई है, जहां एशियन हॉस्पिटल के एनआईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद NICU में एडमिट 9 बच्चों को निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

NICU वार्ड से सुरक्षित बाहर निकाले गए 9 नवजात

बता दें कि बीती रात छत्रपति संभाजीनगर के एशियन हॉस्पिटल के एनआईसीयू में एसी में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। फिर, एनआईसीयू में भर्ती 9 नवजात बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।

दमकल की 5 गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सभी 9 बच्चों को घाटी अस्पताल, एमजीएम अस्पताल और संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समय रहते आग पर काबू पाने और बच्चों को सुरक्षित निकालने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की जांच जारी है।

नवजात बच्चों को शिफ्ट किए जाने CCTV फुटेज आया सामने

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि NICU वार्ड में आग लग जाती है। जिसके बाद, वहां मौजूद सभी नर्स एक्शन में आ जाती हैं और बच्चों को वार्ड से निकालने लगती हैं। वीडियो के आखिर में दिखता है कि जब आखिरी नवजात को NICU वार्ड से निकाला जा रहा होता है तब तक वार्ड के एक हिस्से में आग अंदर आ चुकी होती है।

अमरावती अग्निकांड में हो गई थी 3 नवजात की मौत

इससे पहले हाल में अमरावती के महिला अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग लग गई थी। इस घटना में 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3:30 बजे अचानक वेंटिलेटर में ब्लास्ट होने के कारण यह आग लगी थी। आग लगते ही डॉक्टर, नर्स और ड्यूटी पर मौजूद तमाम कर्मचारी एक्टिव हो गए थे और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए कई बच्चों की जान बचा ली थी। हालांकि, 3 नवजात की जान नहीं बचाई जा सकी थी।

ये भी पढ़ें- ई-स्कूटर में लगी आग नहीं बुझा पाई नागपुर की फायर ब्रिगेड की टीम, पंप से पानी ही नहीं निकला