A
Hindi News महाराष्ट्र छत्रपति संभाजीनगर के बाजार में आग लगने से 20 दुकाने क्षतिग्रस्त, आग बुझाने में जुटी दमकल की गाड़ियां

छत्रपति संभाजीनगर के बाजार में आग लगने से 20 दुकाने क्षतिग्रस्त, आग बुझाने में जुटी दमकल की गाड़ियां

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के एक मार्केट में आज सुबह आग लग गई। इस कारण करीब 20 से अधिक दुकाने क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।

Chhatrapati Sambhajinagar market 20 shops damaged due to fire brigade engaged in extinguishing the f- India TV Hindi Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक बाजार में बृहस्पतिवार सुबह आग लगने से करीब 20 दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में जनहानि की सूचना नहीं है। अग्निशमन के एक अधिकारी ने बताया कि आजाद चौक इलाके के सेंट्रल नाका स्थित बाजार में सुबह करीब पांच बजे आग लगी। इस इलाके में फर्नीचर की कई दुकानें हैं। अधिकारी ने बताया कि आग लगने से 15 से 20 दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने कहा, ‘‘हमे सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लगने की सूचना मिली और दमकल के छह वाहनों को मौके पर भेजा गया।’’ 

आग लगने के कारणों की नहीं है जानकारी

अधिकारी ने बताया कि बाद में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) और ‘गरवारे इंडस्ट्रीज’ के कुछ दमकल वाहन भी आग बुझाने में मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं , फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं लग पाया है। बता दें कि इससे पहले नागपुर में बीते सोमवार को औरंगजेब की कब्र विवाद को लेकर हिंसा भड़क गई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। अबतक 60 दंगाइयों को गिरफ्तार किया गया है। 3 पुलिस स्टेशन में अभी तक 6 एफआईआर दर्ज हुई है। वहीं, सीसीटीवी के आधार पर 100 से 200 लोगों को चिन्हित किया गया है। नागपुर में दंगा करने वाले 27 लोगों को कल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपियों को 21 मार्च तक पीसीआर में रिमांड पर भेज दिया है।

हिंसा में वाहनों को हुआ नुकसान

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, नागपुर में सोमवार की रात हिंसा करते हुए उपद्रवियों ने 38 दोपहिया वाहनों को नुकसान हुआ है। 5 कारों को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा 2 जेसीबी और 1 क्रेन को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा एक सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया गया है। जख्मियों की संख्या का जिक्र किया जाए तो इस हिंसा में 5 नागरिक जख्मी हुए हैं। इन्हें नागपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 5 में से 3 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी है। दो का इलाज चल रहा है। इनमें से एक आईसीयू में है। 33 पुलिस कर्मचारी और अधिकारी घायल हुए हैं।

(इनपुट-भाषा)