1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर में 'अवाडा सुपरफैक्ट्री' की सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की तारीफ; बोले- महाराष्ट्र में सोलर मैन्युफैक्चरिंग को मिलेगा बढ़ावा

नागपुर में 'अवाडा सुपरफैक्ट्री' की सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की तारीफ; बोले- महाराष्ट्र में सोलर मैन्युफैक्चरिंग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में 'अवाडा सुपरफैक्ट्री' का दौरा किया और कहा कि इससे महाराष्ट्र में सोलर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा। सीएम ने कंपनी के चेयरमैन से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अवाडा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल के साथ।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर में 'अवाडा सुपरफैक्ट्री' (Avaada Superfactory) का दौरा किया। उन्होंने अवाडा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल के साथ अनौपचारिक बातचीत भी की और नागपुर में इस इकाई की स्थापना के लिए उनकी टीम को बधाई दी। इस दौरान सीएम फडणवीस ने कहा कि यह कंपनी भारत में सौर उपकरणों के निर्माण का एक प्रमुख केंद्र बन सकती है। इस केंद्र पर अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निवेश विदर्भ क्षेत्र में और अधिक परियोजनाओं को आकर्षित करने में मदद करेगा। 

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की कंपनी की तारीफ 

सीएम फडणवीस ने कहा कि MoU (समझौता ज्ञापन) के तहत किए गए वादों को असल कारखानों के रूप में काम करते देखना और महाराष्ट्र व भारत को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा बनते देखना, उन्हें सार्वजनिक जीवन में अपना काम जारी रखने के लिए ऊर्जा देता है। सीएम ने कहा कि विनीत मित्तल और उनके द्वारा किए गए निवेश की बदौलत अब नागपुर में सोलर मॉड्यूल को लेकर काफी दिलचस्पी देखी जा रही है। अगर अन्य सभी निवेशक भी समय पर अपना निवेश पूरा कर लेते हैं, तो नागपुर में देश का सबसे बड़ा सोलर मॉड्यूल इकोसिस्टम तैयार हो जाएगा। सीएम फडणवीस ने कि अगला बड़ा केंद्र छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर हैं। अगर आप यहां निवेश नहीं कर रहे हैं, तो आप एक बड़ा अवसर चूक रहे हैं।  

कंपनी के मालिक ने की सरकार की तारीफ

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान, विनीत मित्तल ने उन्हें एक विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया, जिसमें नागपुर की अवाडा सुपरफैक्टरी में निर्मित पहला सोलर सेल लगा हुआ था। यह स्मृति चिन्ह इस बात का प्रतीक था कि कैसे यह परियोजना निवेश के वादे से आगे बढ़कर महाराष्ट्र में सोलर सेल उत्पादन के स्तर तक पहुंच गई है। सीएम फडणवीस की तारीफ करते हुए मित्तल ने कहा, "एक MoU केवल उम्मीद जगाता है, जबकि एक चालू कारखाना उस वादे को पूरा करता है। मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन उस पूरी टीम के लिए है, जिसने नागपुर में अवाडा की सुपरफैक्ट्री का निर्माण किया है।"

वहां मौजूद उद्यमियों के लिए उनका संदेश बिल्कुल स्पष्ट था: विदर्भ और मराठवाड़ा में उभर रहे अवसरों पर ध्यान दें।  मित्तल ने कहा कि अवाडा में, हम इस अवसर को विनिर्माण क्षमता, कुशल रोजगार और मजबूत घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाओं में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अवाडा ग्रुप की सोलर PV विनिर्माण इकाई, 'अवाडा इलेक्ट्रो', नागपुर और दादरी में 8.5 GW की N-टाइप TOPCon ग्लास-टू-ग्लास मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता का संचालन करती है। नागपुर में, 3 GW की N-टाइप TOPCon सोलर सेल विनिर्माण क्षमता चालू है।

यहां देखें वीडियो

अवाडा इलेक्ट्रो की योजना नागपुर में 3 GW की इंगट और वेफर विनिर्माण क्षमता स्थापित करने की भी है, जिससे इसके विनिर्माण कार्य सोलर वैल्यू चेन के शुरुआती चरणों तक विस्तारित हो जाएंगे। कंपनी के इस विनिर्माण विस्तार का उद्देश्य घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना और भारत में वैल्यू एडिशन (मूल्य संवर्धन) को बढ़ाना है।

ये भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में बनी JCB मशीन का एक्सपोर्ट शुरू, न्यूजीलैंड में इस्तेमाल की जाएगी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिखाई हरी झंडी